
Mother Dies After Giving Birth To Son: एक तरफ 10 साल के लंबे इंतजार के बाद घर में बेटे के जन्म की किलकारियां गूंजीं, तो दूसरी तरफ नियति ने ऐसा क्रूर मजाक किया कि उस मासूम के सिर से मां का साया हमेशा के लिए छिन गया। डेलाना निवासी 30 साल की सीमा पत्नी प्रकाश गाडरी की सोमवार को प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने के कारण मौत हो गई। वह अपने पीछे तीन बच्चों सात और दस साल की दो बेटियों और एक नवजात बेटे को छोड़ गई है।
सोमवार सुबह गंगापुर अस्पताल में सीमा ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। दो बेटियों के बाद 10 साल बाद बेटे का जन्म होने से परिवार में खुशी का माहौल था। परिजन इस खुशी को लेकर बेहद उत्साहित थे और घर में लंबे समय बाद आई इस खुशी का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन यह खुशी चंद घंटों की रही। डिलीवरी के बाद सीमा को एटोनिक पीपीएच यानि प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। हालत गंभीर होने पर उसे सोमवार दोपहर बाद भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। परिजनों को उम्मीद थी कि इलाज के बाद सीमा जल्द स्वस्थ होकर अपने नवजात बेटे के साथ घर लौटेगी, लेकिन अचानक बिगड़ी तबीयत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार पूरी तरह टूट चुका था। हादसे से स्तब्ध परिजनों की मदद के लिए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत कदम बढ़ाया। प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अस्पताल की तरफ से ही शव वाहन की व्यवस्था करवाई जिससे मृतका के शव को सम्मानपूर्वक उसके गांव रवाना किया जा सका।
जब मरीज को लाया गया तो वह गंभीर शॉक की स्थिति में थी। डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने के लिए पूरा प्रयास किया। सीमा को तुरंत वेंटिलेटर पर लिया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए 4 यूनिट ब्लड और 4 यूनिट एफएफपी भी चढ़ाया गया। डॉक्टर और रिश्तेदार करीब 6 घंटे तक उसकी जिंदगी के लिए जूझते रहे लेकिन शाम करीब 7 बजे आइसीयू में सीमा ने अंतिम सांस ली। सीमा की मौत के बाद डेलाना गांव में शोक का माहौल है।
डॉ. अरुण कुमार गौड़, अधीक्षक, एमजीएच