
भीलवाड़ा। जिले के पंडेर से एसओजी ने रीट भर्ती में फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड पीटीआई सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने रीट भर्ती 2022-23 के दौरान फर्जी मार्कशीट के जरिए शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) पद पर नियुक्ति हासिल करने की कोशिश करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को पकड़ा है।
एसओजी की टीम ने भीलवाड़ा जिले के पंडेर थाना क्षेत्र के जामोली निवासी ज्योतिराज सिंह राजपूत, पंडेर सीनियर सैकंडरी स्कूल में कार्यरत पीटीआई योगेंद्र सिंह शेखावत तथा सवाई माधोपुर निवासी ममता योगी को गिरफ्तार किया है। यह मामला रीट भर्ती 2022-23 की काउंसलिंग और दस्तावेज सत्यापन के दौरान सामने आया। दस्तावेजों की जांच में कुछ अभ्यर्थियों की ओर से प्रस्तुत की गई मार्कशीटों पर संदेह हुआ, जिसके बाद संबंधित विश्वविद्यालयों और संस्थानों से उनका मिलान करवाया गया।
जांच में सामने आया कि प्रस्तुत की गई मार्कशीट पूरी तरह फर्जी थीं। इसके बाद एसओजी ने संदिग्धों पर नजर रखना शुरू कर दिया। पंडेर थानाधिकारी कमलेश मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में योगेंद्र सिंह शेखावत इस पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य सूत्रधार सामने आया है। वह अभ्यर्थियों को फर्जी मार्कशीट तैयार करवाकर उपलब्ध करवाता था और इसके बदले मोटी रकम वसूलता था। इस मामले में गिरफ्तार ममता योगी का पति भी पंडेर स्थित संस्कृत विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। इस कारण इस फर्जीवाड़े के तार शिक्षा विभाग के भीतर तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।