
फाइल फोटो- पत्रिका
जयपुर। जयपुर में सोशल मीडिया, क्रिप्टो करेंसी और आकर्षक निवेश योजनाओं के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए ठगने वाले गिरोह के खिलाफ स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरोह का सहयोगी एजेंट सुरेश सैनी को जोधपुर से पकड़ा गया है।
अतिरिक्त महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं तथा अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनियम, 2019 के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी सुरेश सैनी (34) पुत्र गुलाबराम, निवासी बिरानी, जोधपुर है। गिरोह सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लुभावनी निवेश योजनाओं का लालच देकर धन एकत्र कर रहा था।
मुख्य आरोपी बंशीलाल उर्फ प्रिन्स सैनी ने सॉफ्टवेयर डेवलपर रजनीश कुमार के साथ मिलकर www.harvestusdt.com वेबसाइट तैयार करवाई। इस वेबसाइट पर मात्र 250 रुपए में आईडी बनाकर करीब 82 हजार लोगों को जोड़ा गया और लगभग दो करोड़ रुपए एकत्र किए गए।
आरोपियों ने हार्वेस्ट एआई टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी बनाकर स्वयं को निदेशक और ममता सैनी को सह-निदेशक बनाया। कंपनी के माध्यम से एचवीटी कॉइन नामक डिजिटल करेंसी लॉन्च करने और उसे क्रिप्टो एक्सचेंज में सूचीबद्ध कराने का झूठा प्रचार किया गया।
डीआईजी परिस देशमुख ने बताया कि निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सोशल मीडिया पर इनामी योजनाएं चलाई गईं। इनमें 6 लाख रुपए में स्कॉर्पियो और 12 लाख रुपए में फॉर्च्यूनर दिलाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिये करीब 4.92 करोड़ रुपए जुटाए। जांच में सामने आया कि 15 अक्टूबर 2025 को भोपालगढ़ में इनल खेचरी ग्रैंड सेरेमनी कार्यक्रम आयोजित कर 250 एसयूवी देने की घोषणा की गई, जिसके जरिये 251 लोगों से करीब 15 करोड़ रुपए वसूले गए।
सुरेश सैनी ने ग्रामीण क्षेत्रों में छह लाख रुपए में स्कॉर्पियो दिलाने का झांसा देकर 56 लोगों से करीब 3.5 करोड़ रुपए एकत्र किए। साथ ही कंपनी में 1173 आईडी लगाकर करीब 28 लाख रुपए निवेश के नाम पर जमा करवाए। आरोपी का भोपालगढ़ क्षेत्र में जेसीबी रिपेयर का वर्कशॉप है और क्षेत्र में अच्छी पकड़ होने के कारण उसने ग्रामीणों को आसानी से झांसे में ले लिया। ठगी के कमीशन में उसे अपने भाई के नाम एक एसयूवी मिली थी, जिसे एसओजी ने जब्त कर लिया है। बता दें कि ठगों ने जनता से 25 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी की है।
एसओजी पहले ही मुख्य आरोपी बंशीलाल उर्फ प्रिन्स सैनी, ममता और दिनेश बागड़ी को गिरफ्तार कर चुकी है। सुरेश सैनी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में निवेशकों की संख्या और बैंक खातों की जांच जारी है।
Published on:
13 Mar 2026 06:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
