
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना। फाइल फोटो- पत्रिका
PM Kisan Yojana Latest News प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान सहित पूरे देश के पात्र किसानों के खातों में 22वीं किस्त की राशि 13 मार्च को भेजी जाएगी, जिससे लाखों किसानों को सीधी आर्थिक सहायता मिलेगी।
केंद्र सरकार की इस योजना के तहत किसानों को हर चार महीने में 2 हजार रुपए की किस्त दी जाती है। अब तक योजना की 21 किस्त जारी हो चुकी हैं और अगली यानी 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के खातों में जल्द ही राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का अंतरण 13 मार्च 2026 को शाम 5 बजे असम के गुवाहाटी से किया जाएगा।
इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत देश के लगभग 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 650 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे भेजी जाएगी। योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन किस्तों में दी जाती है, जिसमें हर चार महीने में 2-2 हजार रुपए सीधे किसानों के बैंक खाते में जमा किए जाते हैं।
किस्त जारी होने के बाद सरकार की ओर से लाभार्थी किसानों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजा जाता है। इसके अलावा बैंक की ओर से भी खाते में राशि जमा होने की सूचना एसएमएस के जरिए दी जाती है। किसान अपने मोबाइल पर आए मैसेज से आसानी से पता लगा सकते हैं कि उनके खाते में 2 हजार रुपए की किस्त आई है या नहीं। यदि मोबाइल पर मैसेज नहीं आए, तो किसान नजदीकी एटीएम पर जाकर खाते का बैलेंस या मिनी स्टेटमेंट चेक कर सकते हैं। इससे यह पता चल जाएगा कि खाते में योजना की राशि जमा हुई है या नहीं।
किसान चाहें तो अपनी किस्त की स्थिति ऑनलाइन भी जांच सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां Farmers Corner में दिए गए Know Your Status विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड भरकर किसान यह देख सकते हैं कि उनका ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग और आधार बैंक सीडिंग पूरा है या नहीं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी। इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि उन्हें खेती से जुड़े खर्चों में मदद मिल सके। योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपए की सहायता तीन किस्तों में सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।
Updated on:
12 Mar 2026 05:22 pm
Published on:
12 Mar 2026 05:19 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
