भीलवाड़ा

Rajasthan News: सरकारी स्कूल में ‘छत पर सोया था बहनोई’ जैसे फूहड़ गाने बजे, शिक्षिकाएं भी छात्राओं संग झूमीं, बढ़ा विवाद

भीलवाड़ा जिले में एक सरकारी स्कूल के वार्षिक समारोह में छात्राओं ने अश्लील गानों पर डांस किया। वीडियो वायरल होने पर शिक्षा विभाग ने प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जानिए पूरा मामला
less than 1 minute read
Feature image
स्कूल में डांस करती छात्राएं और शिक्षिकाएं (सोशल मीडिया)

भीलवाड़ा। जिले के शक्करगढ़ स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा की छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में डीजे लगाया गया, जिसमें "छत पर सोया था बहनोई" और "3 पैग" जैसे अश्लील गाने बजाए गए। इन गानों पर स्कूली बच्चियां डांस करती नजर आईं।

वायरल वीडियो से मचा हंगामा

समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में न केवल छात्राएं बल्कि महिला शिक्षिकाएं भी इन अमर्यादित गानों पर डांस करती दिख रही हैं। यह देखकर अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में गुस्सा फैल गया।

शिक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई

मामला उजागर होते ही शिक्षा विभाग भी हरकत में आया है। इस संबंध में मुख्य ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) शिखा राणा ने तुरंत एक्शन लिया। स्कूल प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीबीईओ ने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय परिसरों में मर्यादित और अनुशासित वातावरण बनाए रखना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। यदि जांच में दोष सिद्ध होता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए विद्यालयों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

समाज में रोष और सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल संस्कार और अनुशासन सिखाने की जगह है। ऐसे में फूहड़ गानों पर डांस कराना गलत है। अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि जब शिक्षक ही इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करेंगे तो बच्चों को सही संस्कार कैसे मिलेंगे। शिक्षा अधिकारी ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी स्कूलों को सख्त निर्देश देने की बात कही है।

Updated on:
11 Feb 2026 04:27 pm
Published on:
11 Feb 2026 04:27 pm