
भीलवाड़ा। राजस्थान रोडवेज में बस यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और डिपो के कामकाज को बेहतर और पारदर्शी बनाने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की गई है। इसके तहत अब रोडवेज में परफॉर्मेंस इंडिकेटर (केपीआई) रेटिंग व्यवस्था लागू की जा रही है, जिससे हर महीने ए क्लास डिपो के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य रोडवेज सेवाओं में सुधार लाना और डिपो के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ाना है।
रोडवेज प्रशासन की ओर से डिपो के कामकाज को परखने के लिए 100 अंकों का एक विशेष मॉडल तैयार किया गया है। इस मॉडल के अंतर्गत वित्तीय उपलब्धियों के लिए 40 अंक, स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति के लिए 30 अंक और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए 30 अंक निर्धारित किए गए हैं। केवल प्रस्ताव भेजने या संभावित राशि बताने के बजाय अब वास्तविक वित्तीय उपलब्धि और डिपो पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं के आधार पर ही अंक दिए जाएंगे।
हर महीने होने वाले इस आकलन से यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन सा डिपो किन मानकों पर पीछे चल रहा है, जिससे अधिकारियों को सुधार के लिए स्पष्ट निर्देश देने में आसानी होगी। इस रेटिंग में बसों की साफ-सफाई, समयबद्ध संचालन, शिकायतों के समाधान और डिपो की प्रशासनिक व परिचालन प्रगति जैसे महत्वपूर्ण मानकों को शामिल किया गया है। जिन डिपो में सुविधाओं की स्थिति कमजोर होगी, उनकी कमियां सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करना भी आसान हो जाएगा।
इस व्यवस्था के तहत मुख्य प्रबंधकों को अपने अधीन 15 नवंबर तक वार्षिक लक्ष्य निर्धारित कर जोनल मैनेजर को भेजने होंगे। इसके बाद जोनल मैनेजर 30 नवंबर तक इनका सत्यापन कर अनुमोदन के लिए निर्माण शाखा मुख्यालय को भेजेंगे। निर्माण शाखा द्वारा 15 दिसंबर तक लक्ष्य स्वीकृत कर आगे की कार्रवाई के लिए आईटी शाखा को भेजे जाने के बाद इस मॉडल को पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों की रोडवेज बस की यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।