भीलवाड़ा

राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौड़ती मौत,  सड़क पर लड़ते मवेशियों ने दंपती को कुचला,  मवेशियों के जमावड़े से वाहन चालक परेशान

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 3 Aug 2018, 4:22 PM IST
Road accident in bhilwara
Road accident in bhilwara

रायला।

अजमेर—भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग 79 पर आए दिन हो रहे हादसे का कारण आवारा मवेशी बन रहे हैं। इन आवारा पशुओं को सड़क से हटाने के लिए जिम्मेदार कोई नहीं है। रायला से मांडल चौराहे तक जगह-जगह सड़क के बीचो-बीच आवारा पशु डेरा डाले हुए बैठ जाते हैं जो पूरी रातभर सड़क के बीच बैठ रहते हैं। जिसके कारण नेशनल हाईवे पर हाई स्पीड पर चलने वाले वाहन अचानक ब्रेक लगाने पर हादसे का शिकार हो जाते हैं। चालक अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने पर मजबूर हैं लेकिन जिम्मेदार विभाग देख कर भी अनजान बना हुआ है ।

आवारा पशुओं की जगह जगह टोलियां सड़क के बीचो-बीच बैठ जाती है लेकिन नगर परिषद से लेकर सड़क परिवहन विभाग इसकी ओर ध्यान नहीं दे रहा है। आवारा पशु सड़क के बीचो-बीच एवं डिवाइडर के आसपास डेरा डाले हुए फिरते हैं। नानकपुरा, कंचन स्पिनर्स, मांडल चौराहा, ईरास चौराहा, रायला चौराहा, लांबिया चौराहा, बेरां चौराहा, दाता पायरा चौराहे पर जगह-जगह हर बस स्टैंड के आसपास आवारा पशुओं का डेरा को हटाने वाले कोई जिम्मेदार नहीं है। वहीं राजमार्ग प्राधिकरण तो इतना लापरवाह होता जा रहा है कि नेशनल हाईवे पर मृतक पशु को कई घंटों तक पड़े रहने के बाद भी हटाने वाले नहीं दिखते। जिसके कारण कहीं वाहन मृतक पशुओ के ऊपर से गुजर जाते हैं जाते है जो हादसा का कारण बनते जा रहे हैं।

सड़क पर लड़ते गोवंश ने दंपती को कुचला, पत्नी की मौत
कोटड़ी. क्षेत्र के भगवानपुरा गांव में गुरुवार को सड़क पर लड़ रहे आवारा मवेशियों ने एक मोपेड को चपेट में ले लिया। बाइक सवार महिला की मौत हो गई जबकि उसके पति की हालत गंभीर बनी हुई है। दम्पती मोपेड से कोटड़ी आ रहे थे।
हैड कांस्टेबल रामेश्वरलाल मीणा ने बताया कि ढोकलिया का देबीलाल बैरवा और पत्नी प्रेम देवी मोपेड पर कोटड़ी अस्पताल आ रहे थे। गांव से निकलते ही भगवानपुरा में सड़क कुछ गोवंश आपस में लड़ रहे थे। गोवंश लड़ते हुए अचानक दम्पती की मोपेड के सामने आ गए। इससे दम्पती गिर गए।

इस दौरान गोवंश ने उनको कुचल दिया। यह देखर आसपास से लोग दौड़कर आए। गोवंश को भगाकर लहूलुहान दम्पती को कोटड़ी अस्पताल ले गए। सिर में गम्भीर चोट लगने से प्रेम देवी को भीलवाड़ा रैफर किया लेकिन रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। बड़ी संख्या मे ग्रामीण भी अस्पताल पहुंचे। कोटड़ी पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द किया।


पहले भी जा चुकी जान
मवेशियों से जान जाने की यह पहली घटना नहीं है। इसी साल माण्डलगढ़ क्षेत्र में बहन को ससुराल छोडऩे जा रहे युवक की बाइक सड़क पर बैठी गाय से टकरा गई। उसमें महिला की मौत हो गई जबकि भाई घायल हो गया। इसी तरह अगरपुरा के निकट सड़क पर बैठी गाय से बाइक टकराने से युवक की मौत हो गई। शहर समेत जिले में आए मवेशियों के सड़क पर लडऩे या सड़क पर बैठे रहने से हादसे होने से लोग चोटिल हो रहे है।

Published on: