सिक्योर कंपनी के खिलाफ एक बार फिर सांगानेर व आस-पास के हजारों लोग गुरुवार को रावला चौक में जमा हुये और सोमवार को कस्बा बंद कर चक्काजाम करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, सांगानेर के बाशिंदे सिक्योर से जारी बिजली के बिलों में गड़बड़ी, दो महीने के बजाय एक महीने में देने, नये मीटर लगाने को लेकर विरोध कर रहे हैं। इसे लेकर पिछले दिनों कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय सांगानेर के बाशिंदों की मांगों पर नहीं लिये जाने को लेकर गुरुवार को एक बार फिर सांगानेर सहित आस-पास के हजारों लोग रावला चौक में जमा हुये। पार्षद नेमीचंद खटीक, नंदलाल भील, पूर्व पार्षद गोपाल कीर, ओमप्रकाश आगाल, राजू जांगिड़ आदि के नेतृत्व में मीटिंग का आयोजन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से सोमवार को सांगानेर बंद व चक्काजाम करने का निर्णय लिया। कस्बे के व्यापारियों व आमजन ने हाथ उठाकर बंद का समर्थन किया।