भीलवाड़ा

Rajasthan Accident: राजस्थान के भीलवाड़ा में भीषण सड़क हादसा, एक ही बाइक पर सवार 3 युवकों की मौत

Bhilwara Road Accident: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा बीके सरेरी पुलिया के निकट मंगलवार देर रात हुआ।
2 min read
Rajasthan Road Accident-2
​हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक। फोटो: पत्रिका

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा बीके सरेरी पुलिया के निकट मंगलवार देर रात हुआ। तीनों युवक भीलवाड़ा स्थित शुभम कैट्स कंपनी में कार्य करने के बाद पालड़ी की ओर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही आसींद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

पुलिस के अनुसार निजाम (32) निवासी गेनौली बिरादपुर, बीस छपरा, शिवनगर (बिहार) तथा पालड़ी निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बृजेश सहनी (29) निवासी पानापुर नियार काटी (बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस की मदद से तत्काल भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

एक ही बाइक पर सवार थे तीनों युवक

जानकारी के अनुसार तीनों युवक देर रात करीब 2:30 बजे एक ही बाइक पर पालड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान बीके सरेरी पुलिया के निकट सामने से तेज गति एवं कथित रूप से गलत दिशा में आ रहे एक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निजाम और पालड़ी निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बृजेश सहनी ने अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।

पालड़ी निवासी कमलेश बलाई। पत्रिका फाइल फोटो

घर लौटते वक्त हुआ भीषण सड़क हादसा

भीषण सड़क हादसे में मारे गए तीनों युवक एक ही कंपनी में काम करते थे और तीनों अच्छे दोस्त थे। मंगलवार देर रात वे शुभम कैट्स कंपनी में कार्य करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी बीके सरेरी पुलिया के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना पर पहुंची आसींद थाना पुलिस

निजाम का शव फिलहाल आसींद की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दे दी है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, पालड़ी निवासी मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।

Updated on:
15 Jul 2026 12:37 pm
Published on:
15 Jul 2026 11:01 am