
Postal Department Franchise 2.0: बदलते दौर में जहां इन कॉमर्स और ऑनलाइन पार्सल सेवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। वहीं भारतीय डाक विभाग ने भी खुद को नए अंदाज में ढालते हुए आमजन के लिए कमाई का बड़ा अवसर उपलब्ध कराया है। इसी दिशा में विभाग ने फ्रेंचाइजी योजना 2.0 लांच की है। जिसका उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा देना और लोगों को स्थानीय स्तर पर आय का साधन उपलब्ध कराना है।
इस योजना के तहत अब भीलवाड़ा के युवा, महिलाएं, दुकानदार और बेरोजगार नागरिक भी इंडिया पोस्ट के बिजनेस पार्टनर बन सकेंगे । कम निवेश के साथ यह योजना घर बैठे या अपने क्षेत्र में रहकर रोजगार शुरू करने का अवसर देती है। डाक विभाग का मानना है कि ई-कॉमर्स और ऑनलाइन शॉपिंग के विस्तार के साथ पार्सल सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है । जिससे यह मॉडल काफी उपयोगी साबित होगा।
भीलवाड़ा मंडल अधिकारी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि पुरानी फ्रेंचाइजी व्यवस्था में केवल डाक और पार्सल बुकिंग की सुविधा दी थी। लेकिन नई फ्रेंचाइजी योजना 2.0 में अब बुकिंग के साथ-साथ पार्सल पिकअप और डिलीवरी की जिम्मेदारी भी फ्रेंचाइजी संचालकों को दी जाएगी। इससे कार्यक्षेत्र बढ़ेगा और आय के अवसर भी अधिक होंगे, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार को भी मजबूती मिलेगी और सेवा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
नई योजना में विभाग द्वारा प्रदर्शन के आधार पर आकर्षक कमीशन भी दिया जाएगा । इससे फ्रेंचाइजी संचालकों को बेहतर कमाई का अवसर मिलेगा। स्थानीय स्तर पर सेवाएं प्रदान करके लोग अपने ही क्षेत्र में रोजगार कर सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी।
डाक विभाग ने इच्छुक नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है। यह पहल विशेष रूप से छोटे व्यापारियों, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए एक मजबूत रोजगार विकल्प बन सकती है। डिजिटल और लॉजिस्टिक सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए यह योजना आने वाले समय में स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बनने की संभावना रखती है।