
शाहपुरा।
कस्बे के पिवणिया तालाब के निकट खाई में शनिवार को महिला का शव मिला। शव पांच दिन पुराना हो जाने से सडांध मार रहा था तथा फूल चुका था। पहचान नहीं होने से शव को शाहपुरा स्थित मोर्चरी में रखवाया। लोगों ने महिला की हत्या की आशंका जताई।
जानकारी के अनुसार पिवणिया तालाब के निकट खाई के आसपास बने मकान में रहने वाले लोगों को सडांध आने पर वह खाई के निकट गए। वहां महिला का शव देखा। बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। नवनियुक्त पुलिस उपाधीक्षक दिनेश कुमार यादव, शाहपुरा थानाधिकारी देरावसिंह भाटी व उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मिश्रा वहां पहुंचे। नगर पालिका से सफाई कर्मचारियों को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को कड़ी मशक्कत के बाद बीस फीट गहरी खाई से बाहर निकाला।
शव खाई में झांड-झंकार में फंस गया था। मृतका ने पीले रंग की लुगड़ी, काले का लहंगा तथा हरे रंग का ब्लाउज पहना हुआ था। हाथ में प्लास्टिक की रंग-बिरंगी चूडि़या पहन हुई थी। मृतका की उम्र करीब 50 वर्ष है व सिर में बाल सफेद है। पांच दिन तक पानी में रहने से शव गल चुका था।
रास्ता दुगर्म, हत्या की आशंका
खाई के एक छोर पर जहां घनी लताओं के बीच लिपटा शव को देखकर लोग ने महिला की हत्या की आशंका जताई। लोगों का मानना है कि खाई का ऊपरी भाग सुनसान व जंगलनुमा क्षेत्र है। ऐसे में महिला दुर्गम रास्ते से चल कर वहां पहुंच नहीं सकती। एेसे में यह आत्महत्या नहीं हो सकती। उसकी हत्या करके शव को वहां डाला गया। मृतका के दांए घुटने पर गहरे लाल चोट जैसे निशान व उपरी भाग अद्र्ध नग्न होने से हत्या की ओर इशारा करता है।
शराबियों का रहता है अड्डा
आसपास रह रहे लोगों का कहना था कि सुनसान इलाका होने से वहां जुआरियों और सटोरियों के साथ शराबियों का अड्डा रहता है। लोग चोरी-छिपे यहां शराब पीने जाते है।