वर्ष-2011 से लगातार शिक्षक दिवस पर रक्तदान शिविर और पौधारोपण अभियान चला रहे हैं
शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं समाज सेवा और मानवता की प्रेरणा भी देते हैं। इसका जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया शाहपुरा के राउप्रावि कुंड गेट के प्रधानाध्यापक देबीलाल बैरवा ने। वे वर्ष-2011 से लगातार शिक्षक दिवस पर रक्तदान शिविर और पौधारोपण अभियान चला रहे हैं। पिछले 13 वर्षों में 1394 यूनिट से अधिक रक्तदान और विद्यालय परिसर में 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र में सुंदर उद्यान विकसित कर चुके हैं। बैरवा की पहल शाहपुरा और राजस्थान के लिए प्रेरणादायी बनी है।
2011 में हुई शुरुआत
वर्ष 2011 में जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक में रक्त की कमी देख बैरवा ने यह संकल्प लिया। 5 सितंबर 2011 को शिक्षक दिवस पर राज्य में पहली बार अनूठी पहल की। सौ यूनिट से अधिक रक्तदान करवाया। साथ ही विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी हुआ। कई शिक्षक, कर्मचारी और समाजसेवी जुड़ते गए। हर वर्ष शिक्षक दिवस पर रक्तदान शिविर परंपरा बन गई। कोरोना काल में भी रक्तदान शिविर लगाया। वर्ष-2018 से विद्यालय परिसर की 5 गुना 200 मीटर जमीन पर मियावाकी तकनीक से पौधरोपण किया। यहां 57 प्रजातियों के 1000 से अधिक औषधीय और फलदार पौधे लहलहा रहे हैं। छात्र-छात्राएं खुद गर्मियों में टैंकर से पानी लाकर पौधों की देखभाल करते हैं।