भिंड

चंबल में दोस्तों के साथ नहाते समय युवक डूबा, नहीं लगा सुराग

25 वर्षीय शिवम पुत्र अरविंद सिंह परिहार निवासी भिण्ड मंगलवार को अपने दोस्त राहुल और रोहित के साथ बाइक से चंबल सेंक्चुरी घूमने गए थे। बरही पुल के पास तीनों युवक चंबल में निर्माणाधीन पुल के पास नहाने उतर गए।
less than 1 minute read
Mar 03, 2026
bhind news

भिण्ड. बरही घाट पर निर्माणाधीन पुल के पास दोस्तों के साथ नहाते समय एक युवक चंबल के गहरे पानी में समा गया। दोस्तों ने शोर मचाया तो पुल का काम कर रहे मजदूर दौडक़र आए, तब तक युवक पानी में डूब चुका था। सूचना लगते ही फूप थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह राजपूत पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीईआरएफ टीम को बुलाया। देर शाम तक डेढ़ घंटे नदी में रेस्क्यू चला, लेकिन युवक का पता नहीं लगा है।

जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय शिवम पुत्र अरविंद सिंह परिहार निवासी भिण्ड मंगलवार को अपने दोस्त राहुल और रोहित के साथ बाइक से चंबल सेंक्चुरी घूमने गए थे। बरही पुल के पास तीनों युवक चंबल में निर्माणाधीन पुल के पास नहाने उतर गए। पहले तीनों लोगों ने घाट पर नहाते समय जमकर मस्ती की और रील भी बनाई। इसी दौरान शिवम बीच धार में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण उसे बचाने में नाकाम रहे। पुल पर काम कर रहे मजदूरों ने भी प्रयास किया।

शाम पांच बजे चला रेस्क्यू

घटना की सूचना लगते ही एसडीईआरएफ के प्रभारी ब्रजमोहन सिंह नरवरिया टीम के साथ बरही पहुंचे। टीम ने शाम 5 बजे से रेस्क्यू शुरू किया। करीब आधा किमी के क्षेत्र में डेढ घंटे तक शिवम को खोजा, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। शाम 6.30 बजे अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू बंद करना पड़ा। फूप पुलिस का कहना है कि बुधवार की सुबह फिर से नदी में युवक की खोज के लिए रेस्क्यू किया जाएगा।

चंबल नदी में तीन दोस्त नहाने गए थे, जिसमें से एक गहरे पानी में डूब गया है। रेस्क्यू चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण युवक का सुराग नहीं लगा है।

सत्येंद्र सिंह राजपूत, टीआई, फूप

Updated on:
03 Mar 2026 11:33 pm
Published on:
03 Mar 2026 11:33 pm