भिंड

लिफ्ट देकर भिंड में कार में युवती से ज्यादती का आरोप, अहमदाबाद में साथ काम करते थे दोनों

Lift Case: पीड़िता का आरोप- बुआ के घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी, परिचित अपने दोस्त के साथ कार लेकर आया और लिफ्ट देने के बहाने कार से किले के पास ले गया और कार में ही दुष्कर्म किया।
2 min read
Jul 16, 2026
bhind
girl lift case colleague allegations against acquaintance, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Bhind Lift Case: मध्यप्रदेश के भिंड जिले में एक युवती से कार में दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पीड़ित युवती का परिचित ही है जो पहले उसके साथ में अहमदाबाद में नौकरी करता था। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया है। पीड़िता ने अपने साथ हुई ज्यादती की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश कर रही है।

बुआ के घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी

19 वर्षीय युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह सुमित यादव निवासी नावली को करीब दो-तीन साल से जानती है। वे दोनों अहमदाबाद में एक पार्लर में साथ काम करते थे। पीड़िता के अनुसार वो दोपहर करीब 2 बजे अपनी बुआ के घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। तभी सुमित यादव अपने एक अन्य साथी के साथ सफेद कार से आया। सुमित ने उसे बुआ के घर छोड़ने की बात कही, क्योंकि वो सुमित को पहले से जानती थी इसलिए उसके साथ गाड़ी में बैठ गई।

कार में दुष्कर्म का आरोप

गाड़ी में सुमित पीछे बैठा था, जबकि उसका साथी गाड़ी चला रहा था। सुमित और उसका साथी उसे अटेर किले तक ले गए, जहां सुमित ने गाड़ी में ही उसके साथ बलात्कार किया। मना करने पर सुमित ने उसे जान से मारने की धमकी दी। दुष्कर्म के बाद आरोपी उसे किले के पास से सुरपुरा लाए और परा तिराहे के पास गाड़ी रोककर धक्का देकर नीचे उतार दिया। गाड़ी से गिरने पर युवती को चोटें आईं। इसके बाद पीड़िता ने अपने चाचा को फोन कर बुलाया और परिजन के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। सुरपुरा थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

मेडिकल के लिए करना पड़ा घंटों इंतजार

पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। आरोप है कि यहां पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। पीड़िता का कहना है कि भिंड कलेक्टर से संपर्क करने के बाद ही उसका मेडिकल परीक्षण हो सका।

Updated on:
16 Jul 2026 10:11 pm
Published on:
16 Jul 2026 10:11 pm