
Bhind Old Buses painted as new: मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा (Sugam Parivahan Seva) के तहत भले ही भिंड जिले को बसें मिलने की घोषणा हो गई हो लेकिन इन्हें सड़क पर दौड़ने में अभी करीब दो माह का समय लगेगा। जबकि प्रदेश के बाकी शहरों में बसें दौड़ना शुरू हो गई हैं। दरअसल यह बसें अभी इंदौर में तैयार हो रही है जिससे फिलहाल यात्रियों को इंतजार ही करना पड़ेगा।
सुगम परिवहन सेवा का उद्घाटन 25 सितंबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना कर किया। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत भिंड से भी बसों को चालू किया जाना था। इसके लिए प्रशासन की अनुबंधित एजेंसी से बस मंगाईं तो उन्होंने आनन फानन में पुरानी बसों का रंग रोहन करवाकर भेज दिया। उद्घाटन के बाद दोनों ही बसों को स्टैंड पर खड़ा किया गया है। दरअसल अनुबंधित एजेंसी के संचालक के अनुसार जो बसें संचालित होना है वह अभी तक तैयार होकर नहीं आ पाई है और उन्हें दो माह का समय लगेगा। लंबे समय से यात्री इस सेवा के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
योजना के तहत जिले में कुल 40 बसों का संचालन प्रस्तावित है। इन बसों को भिण्ड से ग्वालियर, इटावा, उरई, लहार, भोपाल और दिल्ली सहित विभिन्न ग्रामीण और लोकल रूटों पर चलाया जाएगा। इसके साथ ही शहर के अंदर भी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को परिवहन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश सरकार की योजना के तहत नगर पालिका द्वारा संचालित की जा रही सूत्र सेवा की बसों को भी सुगम परिवहन सेवा में मर्ज किया जाएगा। इसके बाद बसों का रंग बदलकर केसरिया किया जाएगा। नगर पालिका द्वारा इन बसों के रूट चार्ट, किराया सूची और स्टॉपेज निर्धारित किए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी। इससे यात्री घर बैठे अपनी सीट बुक कर सकेंगे।
भिंड से ग्वालियर- 11 बसें
अटेर से ग्वालियर- 2 बसें
लहार से ग्वालियर- 2 बसें
अटेर रोड से सुभाष तिराहा- 1 बस
मानपुरा से बस स्टैंड- 1 बस
भोपाल के लिए भिण्ड से कोई बस नहीं है और न हीं ट्रेन है। योजना से जल्द बस चालू की जाएं, ताकि यात्रा सुगम हो।-उमेश कटारे, यात्री नवादा बाग भिण्ड
जो योजना सीएम ने शुरू की है, उसका पालन जल्द किया जाए। बस स्टैंड पर पहुंचे तो बस भोपाल के लिए नहीं मिली।-आनंद शर्मा, यात्री किशुपुरा
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत वर्ष 2027 में कुल 40 बसों के संचालन की योजना है। इनमें तीन इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी। इन इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर करीब एक करोड़ 20 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। वर्तमान में भिण्ड जिले में 17 बसें संचालित हैं। इनमें 11 बसें भिण्ड-ग्वालियर, दो अटेर-ग्वालियर, दो लहार-ग्वालियर और दो बसें शहर के अंदर संचालित हो रही हैं।