
Bhiwadi News: भिवाड़ी के सांथलका स्थित रामवीर कॉलोनी में एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है। पत्नी के साथ मारपीट कर रहे एक लेबर ठेकेदार की चारपाई से नीचे गिरने और सिर दीवार से टकराने के कारण मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।
बता दें कि मृतक की पहचान प्रमोदराम (29) पुत्र गंगाराम, निवासी कैमूर (बिहार) के रूप में हुई है। प्रमोद सांथलका में रहकर लेबर ठेकेदारी का काम करता था।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे प्रमोद और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रमोद ने चारपाई पर बैठकर ही अपनी पत्नी आरती के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान पत्नी चिल्ला रही थी, और मारो…तभी अचानक प्रमोद का शारीरिक संतुलन बिगड़ गया और वह चारपाई से सीधा नीचे जा गिरा। नीचे गिरते ही उसका सिर कमरे की दीवार से बेहद तेज गति से जा टकराया, जिससे वह लहूलुहान होकर अचेत हो गया।
घटना के समय कॉलोनी में ही मृतक के दो जीजा भी मौजूद थे। वे आनन-फानन में अचेत प्रमोद को नजदीकी क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में सबसे भावुक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि प्रमोद की शादी महज दो महीने पहले, 28 मई को हुई थी।
वह अभी पांच दिन पहले (22 जुलाई) ही अपनी पत्नी आरती को गांव से लेकर भिवाड़ी आया था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि शादी के 60 दिनों के भीतर ही यह हंसता-खेलता परिवार उजड़ जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फेज तृतीय की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को बिहार सूचित कर दिया गया है। थाना पुलिस के अनुसार, परिजनों के भिवाड़ी पहुंचने और उनकी औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।