
बिजनेसमैन की फाइल फोटो: पत्रिका
Rajasthan News: भिवाड़ी क्षेत्र में एक उद्यमी के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने से सनसनी फैल गई है। कजारिया ग्रीन निवासी और चौपानकी स्थित क्राउन मिताली फैक्टरी के संचालक खेम गुप्ता गुरुवार सुबह घर से फैक्टरी के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में अचानक उनका संपर्क टूट गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार खेम गुप्ता गुरुवार सुबह करीब 11.20 बजे अपने घर से चौपानकी स्थित फैक्टरी जाने के लिए रवाना हुए थे। घर से निकलने के बाद उन्होंने दीपक गोयल और फैक्टरी के कर्मचारी सुजीत से फोन पर बातचीत भी की थी। इसके कुछ ही मिनट बाद, करीब 11.30 बजे उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन फोन बंद मिलने पर उनकी चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने बताया कि मोबाइल की अंतिम लोकेशन भगत सिंह कॉलोनी क्षेत्र में मिली है। वहीं पुलिस की जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में उनकी कार सुबह करीब 11.43 बजे ओल्ड राव होटल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुग्राम की ओर जाती हुई दिखाई दी है। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस अब इस रूट पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
उद्यमी के अचानक लापता होने की सूचना मिलते ही परिजन और उनके परिचित व्यापारी भिवाड़ी थाने पहुंचे तथा पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। घटना के बाद व्यापारिक वर्ग में भी चिंता का माहौल है। परिजनों ने जल्द से जल्द उद्यमी का पता लगाने की मांग की है। डीएसपी कैलाश चौधरी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
Updated on:
07 Aug 2026 01:00 pm
Published on:
07 Aug 2026 01:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
