
Bhiwadi: मृतका मोहरली देवी (फाइल फोटो-पत्रिका)
भिवाड़ी। खैरथल-तिजारा जिले के शाहबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया। तिजारा थाना क्षेत्र के गांव टिहली में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार एसयूवी ने निर्माणाधीन मकान के पास खड़े परिवार के तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव टिहली निवासी अजीत सिंह पुत्र रतनलाल ने तिजारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि शनिवार शाम करीब चार बजे उनकी मां मोहरली देवी, भाई चरण सिंह और भतीजा जगत सिंह गांव में निर्माणाधीन मकान के पास खड़े होकर निर्माण कार्य देख रहे थे। उस समय परिवार के अन्य सदस्य भी वहीं मौजूद थे।
इसी दौरान भिंडूसी से राईखेड़ा जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार एसयूवी आई। आरोप है कि वाहन चालक दीपक पुत्र श्यामलाल निवासी पंचगांवा लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। मौके पर मौजूद जगत सिंह और अन्य लोगों ने उसे धीरे वाहन चलाने की सलाह दी। इस बात पर चालक और उसके साथ मौजूद लोगों ने अभद्र व्यवहार किया और वहां से चले गए।
परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद चालक उसी एसयूवी को वापस राईखेड़ा की ओर लेकर आया और तेज गति से लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए सीधे निर्माणाधीन मकान के पास खड़े लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोहरली देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं, जबकि चरण सिंह और जगत सिंह भी घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को किशनगढ़बास अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मोहरली देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं चरण सिंह और जगत सिंह का उपचार जारी है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलने पर तिजारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतका की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही या जानबूझकर वाहन चढ़ाने की पुष्टि होती है तो आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
26 Jul 2026 09:33 pm
Published on:
26 Jul 2026 09:33 pm
