15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bhiwadi News: टंकी की दीवार ढही, नहाने आए कई लोग दबे, मासूम की मौत, 2 गंभीर घायल दिल्ली रेफर

भिवाड़ी में निर्माण स्थल पर पानी की टंकी की दीवार ढहने से एक चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब श्रमिक और बच्चे टंकी के पास मौजूद थे।

2 min read
Google source verification
Bhiwadi News

टंकी का मलबा। फोटो- पत्रिका

भिवाड़ी। समतल जोन भूखंड संख्या एसपी-498 में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। पानी पीने के लिए बनाए गई टंकी की दीवार ढह गई, जिसके नीचे दबने से मासूम मीना कुमारी (4) की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। दो गंभीर घायलों को इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है, जबकि तीन का भिवाड़ी स्थित गोपीनाथ अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार श्रमिकों के पानी पीने और स्नान करने के लिए निर्माण स्थल पर कुछ दिन पूर्व ही टंकी निर्मित की गई थी।

यह वीडियो भी देखें

मौके पर श्रमिकों की संख्या अधिक होने और टंकी जमीन पर ही होने और नीची पड़ने की वजह से उसे तीन फीट और ऊंचा कर दिया गया। कुछ दिन पहले ही दीवार ऊंची कर हौदी को बड़ा किया गया और उसमें प्लास्टर किया गया। टंकी का आकार करीब चार फीट चौड़ा, दस फीट लंबा और करीब छह फीट ऊंचा कर दिया गया। पीने के लिए उसमें पानी भरा गया। हौद निर्मित होने के बाद उसे पक्का होने का समय नहीं दिया गया और कच्ची दीवारों के अंदर ही पानी भर दिया गया।

पानी भरने से टंकी की दीवार ढही

पानी भरने से टंकी की दीवार ढह गई। दोपहर को करीब एक बजे कुछ बच्चे और श्रमिक वहां पानी पीने, नहाने और लंच से पहले हाथ मुंह धोने पहुंचे। टंकी की तीन तरफ की दीवार ढह गई। एक साथ दबाव से पानी निकला और दीवारों का मलबा वहां उपस्थित बच्चे और श्रमिकों के ऊपर गिर गया, जिसके नीचे दबने से एक बच्ची की मौत हो गई।

दीवार दरकते दिखी, बच्चों को बचाया

घायल वेल्डर जीतू (24) ने बताया कि वह हादसे के वक्त वहीं पर काम कर रहा था। उसने देखा कि कुछ बच्चे और श्रमिक वहां नहाने और पानी पीने आए हैं। उसने दीवारों को दरकते देखा, उसे लगा कि दीवार के नीचे आने से बच्चों को चोट लग सकती है। उसने कुछ बच्चों को हटाया, तब तक दीवार गिर गई। गनीमत रही कि वह दीवार से थोड़ा दूर था और दीवार पीछे से उसकी तरफ गिरी, जिसकी वजह से वह दबने से बच गया, उसके हल्की चोट आई है।

मां का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे में मृत मीना कुमारी (4) की मां अरुणा देवी भी घायल हुईं। अरुणा देवी निवासी पूर्णिया बिहार का बेटा ज्योतिश कुमार (8) भी घायल है। इसके साथ ही श्रीमनी (40) निवासी पश्चिम बंगाल का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। शिवम (12) और ज्योतिश (8) को इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। हौद की दीवार लंच से कुछ मिनट पहले ही दरक कर ढह गई थी, अगर लंच समय में दीवार ढहती तो इसकी चपेट में अधिक लोग आते। लंच से पूर्व हादसा होने से वहां कुछ ही लोग मौजूद थे। अधिकांश श्रमिक साइट पर ही काम कर रहे थे। भिवाड़ी थानाधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद मौका निरीक्षण किया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। गंभीर घायलों को इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है।