
Akshara Singh Post after chhath Puja Trolling: भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री अक्षरा सिंह (Akshara Singh) इन दिनों अपने एक वीडियो और छठ पूजा में शामिल होने को लेकर काफी चर्चा में हैं। पटना के दीघा में मीनार घाट पर छठ पूजा की रस्में निभाने और नारंगी सिंदूर लगाने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। कई यूजर्स ने उनके अविवाहित होने और सिंदूर लगाने को लेकर सवाल उठाए थे और इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दिया था। अब इन तमाम ट्रोल्स और आलोचनाओं पर पलटवार करते हुए अक्षरा सिंह ने अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं का करारा जवाब देते हुए अक्षरा सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तीखा और स्पष्ट संदेश शेयर किया। उन्होंने लिखा, "मैंने छठी मैया को अर्घ्य दिया, और कुछ लोगों ने मेरे ब्याह की चिंता का अर्घ्य दे दिया। एक सवाल मेरा भी है- अगर कुंवारा लड़का छठ कर सकता है, तो कुंवारी लड़की क्यों नहीं? कोई तर्क है तो बताइए, मैं जरूर सुनूंगी।"
अक्षरा ने दोहरे मापदंड पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इस बात का गहरा दुख हुआ है कि छठ पूजा जैसा पवित्र और लोक आस्था का महापर्व भी आज के समय में कुछ लोगों के लिए किसी की आस्था और निजी जीवन पर सवाल उठाने का जरिया बन गया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि उनकी आस्था पूरी तरह से उनके और छठी मैया के बीच का व्यक्तिगत मामला है, और इसके लिए उन्हें किसी अन्य व्यक्ति की मंजूरी या प्रमाण पत्र की कोई आवश्यकता नहीं है।
बता दें, पूरे देश में छठ पूजा का त्योहार बड़े पैमाने पर बनाया गया। इस दौरान सितारों ने अपनी-अपनी तस्वीरें शेयर की थी। इस लिस्ट में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी शामिल हुईं। लेकिन जैसे ही उनकी तस्वीरें सामने आईं, लोगों ने उनकी बिना शादी के सिंदूर लगाने पर हमला बोल दिया और ट्रोल करने लगे। इसी के जवाब में अब अक्षरा सिंह ने पोस्ट किया है।
पर्सनल लाइफ और सोशल मीडिया विवादों से अलग यदि अक्षरा सिंह के वर्क फ्रंट की बात करें, तो उन्हें हाल ही में बड़े पर्दे पर बॉलीवुड की मल्टी-स्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' (Welcome To The Jungle) के गाने 'घिस घिस घिस' में एक स्पेशल अपीयरेंस में देखा गया था। अहमद खान के निर्देशन में बनी इस बड़ी कॉमेडी फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडीज, दिशा पटानी और लारा दत्ता समेत कई दिग्गज कलाकार नजर आए थे, जो इसी साल जून के महीने में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।