भोपाल

दो झोकों में बरस गया 15 मिमी पानी, नाले ओवरफ्लो

राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति, जिम्मेदार विभागों की अधूरी तैयारी से जनता परेशान
2 min read
Jun 30, 2018
roads after rin
दो झोकों में बरस गया 15 मिमी पानी, नाले ओवरफ्लो

भोपाल। सुबह से बारिश का इंतजार कर रहे राजधानीवासियों को बादलों ने दोपहर बाद जमकर भिंगोया। पूरे शहर में रुक-रुककर लगभग एक घंटे तक बारिश हुई। भले ही बारिश रुक-रुक होती रही, लेकिन रफ्तार इतनी अधिक थी कि दो झोकों में ही 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तेज रफ्तार से हुई इस बारिश के चलते शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति बनी। मातामंदिर के पास सुलभ कॉम्प्लेक्स के पीछे का नाला ओवरफ्लो हो गया। ऐसे ही भदभदा रोड डिपो चौराहे के पास भी कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार सुबह 08.30 से शाम 05.30 बजे तक के बीच हुई बारिश में यह प्रदेश में सबसे बड़ा आंकड़ा रहा। वहीं बारिश को लेकर मौसम विभाग पहले ही चेतावनी जारी कर चुका है। जिसके चलते उसका ये अनुमान सटिक बैठता हुआ दिख रहा है।

दूसरे नंबर पर सीधी जिला रहा, यहां पर 14 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो राजधानी सहित प्रदेश में अच्छी बारिश का वातावरण बना हुआ है। ऐसे में अगले 24 घंटे में भोपाल, उज्जैन, इंदौर एवं जबलपुर संभाग में कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है। राजधानी में मंगलवार को शाम के समय आद्र्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र में दर्ज आंकड़ों के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 2.7 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था।

घरों में घुसा पानी, पेड़ गिरे

- कोलार के बी-1 पैलेस, अमरनाथ कॉलोनी के पास पेड़ गिरा।
- चार इमली इएन 2/3 के पास पेड़ गिरा।

- राहुल नगर माता मंदिर के पास सुलभ कॉम्प्लेक्स के पीछे नाला ओवरफ्लो हुआ।
- पुलिस वायरलेस कॉलोनी भदभदा रोड डिपो चौराहा के पास जलभराव से घरों में गंदा पानी घुसा।

- वार्ड-16 विशाल शादी हॉल के पास घरों में पानी घुसा।
नोट- नगर निगम के बाढ़ नियंत्रण कक्ष में आई शिकायतें।

Published on:
30 Jun 2018 07:14 am