
भोपाल/ शिरोमणी अकाली दल ने मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ पर बड़ा हमला किया है। सिख दंगे को लेकर शिरोमणी अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से सीएम कमलनाथ पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सिख दंगे की जांच कर रही है एसआईटी ने फिर से केस को रिओपन कर दिया है। सुखबीर सिंह बादल ने सीएम पर एक के बाद एक ट्वीट कर वार किया है।
इस मामले में एसआईटी अब नए सबूत इकट्ठा कर रही है। अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने ट्वीट कर लिखा है कि 1984 सिख दंगे के आरोपी सीएम कमलनाथ की तरफ न्याय का पहिया बढ़ने लगा है। शिरोमणी अकाली दल एसआईटी के उस कदम का स्वागत करता है जिसमें वह संसद मार्ग में दर्ज एफआईआर की फिर से जांच करने जा रही है। संसद मार्ग में दर्ज एफआईआर में गवाहों ने दावा किया है कि कमलनाथ ने रकबगंज गुरुद्वारे पर हमला किया। हमें उम्मीद है कि जल्द ही कमलनाथ को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुखबीर सिंह बादल ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा कि कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए यह उचित समय है कि उन्हें सीएम पद से बर्खास्त कर दें। दो गवाहों सहित एक पत्रकार ने पहले ही रकबगंज गुरुद्वारे पर हमले में इनकी भूमिका का खुलासा किया है। अब उनके बयान दर्ज कर एफआईआर में सीएम कमलनाथ का नाम शामिल करने का रास्ता साफ हो गया है।
वहीं, शिरोमणी अकाली दल के नेता मजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह अकाली दल की बड़ी जीत है, एसआईटी ने फिर से फाइल खोल दी है। उन्होंने कहा कि सिख दंगे में केस नंबर 601/84 को दोबारा खोला जा रहा है, जिसे बंद कर दिया गया था। हमारी बात को सुनते हुए गृह मंत्रालाय ने इसको मान लिया है और दोबारा इस केस की जांच होगी। हमलोगों ने कमलनाथ के खिलाफ इस मामले में लंबी लड़ाई लड़ी है। सिरसा ने सोनिया गांधी से सीएम कमलनाथ को हटाने की मांग की है।
गौरतलब है कि इस मामले में कांग्रेस नेता सज्जन कुमार जेल में हैं। अकाली दल इसे लेकर लंबे अर्से से लड़ाई लड़ रही है। एसआईटी के इस फैसले पर अकाली दल के और भी कई नेताओं ने कांग्रेस पर हमला किया है।