भोपाल

भोपाल में बेच डाली 50 एकड़ की पहाड़ी, तन गए 5 हजार अवैध मकान, दुकान, शो रूम्स

Chunabhatti Bhopal : हरियाली उजाड़कर शोरूम, मंदिर और मठ बने, 15 एकड़ में बसे परिवार, प्रशासन की नाक के नीचे चूनाभट्टी पर हुए अतिक्रमण
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 10:45 AM IST
भोपाल में बेच डाली पहाड़ी
भोपाल में बेच डाली पहाड़ी image patrika

Chunabhatti Bhopal : मध्यप्रदेश में हरियाली उजाड़कर मकान, दुकानों से लेकर शोरूम, मंदिर और मठ आदि बनाने सिलसिला लगातार जारी है। यहां तक कि लोग पहाड़, पहाड़ी भी नहीं छोड़ रहे हैं। भोपाल शहर के बीचोंबीच फैली करीब 50 एकड़ की चूना भट्टी पहाड़ी का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ग्राउंड पड़ताल में सामने आया है कि पहाड़ी के निचले हिस्सों में चारों ओर 80 फीसदी अतिक्रमण हो चुका है। पहाड़ी पर 70 फीसदी से अधिक अवैध कब्जे हैं। वहीं अधिकांश निर्माण नियमों के विपरीत हैं। अकेले 15 एकड़ क्षेत्र में करीब 5 हजार परिवारों का ठिकाना बन गया है। निचले हिस्से में कार शोरूम, बौद्ध मठ और मंदिर विकसित हो चुके हैं, जबकि भीतर कोलार कॉलोनी बसी है।

70 प्रतिशत हिस्सा ढलान बसा:

मुख्य सड़क से कॉलोनी के भीतर जाने पर पहाड़ी की ढलान साफ नजर आती है। जैसे-जैसे अंदर बढ़ते हैं, मकानों की ऊंचाई भी बढ़ती जाती है। निचले हिस्से में होने के कारण कॉलोनी का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा ढलान पर स्थित है। चूनाभट्टी तिराहे से बौद्ध मठ के आगे तक लगभग 70 मीटर लंबे हिस्से में यह बसाहट फैली है, जहां पहाड़ी के पेड़ काटकर और उत्खनन करके जमीन समतल की गई।

बीडीए की योजना पर लगा विराम:

प्रशासन की नाक के नीचे चूनाभट्टी पर हुए अतिक्रमणों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्र की अधिकांश भूमि भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) की बताई जा रही है। यहां बीडीए द्वारा मल्टी बनाने का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन समय रहते अतिक्रमण नही हटने के कारण यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी और जमीन पर अवैध स्थायी निर्माण बढ़ते गए। मल्टी बनाने की योजना के लिए अवैध अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाना होगा।

क्या कहते हैं रहवासी

स्थानीय रहवासी रमेश मालवीय बताते हैं कि शुरुआत में निचली ढलान खाली थी, लेकिन धीरे-धीरे उत्खनन कर मकान बनने लगे और आज यह घनी बस्ती में बदल गई है। रहवासी संगीता विश्वकर्मा का कहना है कि ढलान पर घर होने के कारण आवाजाही और निर्माण में जोखिम रहता है, फिर भी बसाहट लगातार फैल रही है। वहीं रहवासी फारूक अहमद के अनुसार, तिराहे से बौद्ध मठ के बीच का हिस्सा पहले हरियाली और ढलान से पहचाना जाता था, पर पेड़ कटने और निर्माण से स्थिति बदल गई है।

Updated on:
22 Nov 2026, 10:45 AM IST
Published on: