55 Lakh Loot In Bhopal : श्यामला हिल्स इलाके में 55 लाख की लूट हुई है। बताया जा रहा है कि, वारदात 7 मार्च को उस वक्त की है, जब प्रॉपर्टी डीलर रुपयों से भरा बैग लेकर चूनाभट्टी इलाके में अपने घर जा रहे थे।
55 Lakh Loot In Bhopal : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स इलाके में 55 लाख रुपए की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, लूट की ये वारदात 7 मार्च को घटित हुई है। पुलिस के मुताबिक, शहर के एक प्रॉपर्टी डीलर 55 लाख रुपयों से भरा बैग लेकर चूनाभट्टी इलाके में अपने घर जा रहे थे। रास्ते में 2 स्कूटी पर सवार 4 बदमाशों ने सामने से आकर उनकी गाड़ी रोक दी। चाकू की नोक पर प्रॉपर्टी डीलर को धमकाया और पैसों से भरा बैग लेकर मौके से भाग निकले।
शहर के श्यामला हिल्स थाना इलाके में स्मार्ट सिटी रोड पर चूनाभट्टी के रहने वाले दिव्यांग बरोट अपने भाई के साथ कार से जा रहे थे। दोनों प्रॉपर्टी से जुड़ा बिजनेस करते हैं। सोमवार देर रात करीब 9:30 बजे वे स्मार्ट सिटी रोड से चूनाभट्टी जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पीछे से आए 2 स्कूटियों पर सवार 4 बदमाशों ने उनकी कार के सामने गाड़ियां अड़ा दीं।
इससे पहले कि, व्यापारी कुछ समझ पाते बदमाश कार की तरफ दौड़ पड़े और चाकू दिखाकर दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए 55 लाख रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत ही मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि, व्यापारी के साथ लूट की इतनी बड़ी वारदात 7 मार्च को घटित हुई थी। जबकि, पीड़ित ने 8 मार्च को पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। श्यामला हिल्स पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। फिलहाल, पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है।
पुलिस इस मामले में ये भी जांच कर रही है कि, इतनी बड़ी रकम किस लेनदेन से जुड़ी थी। शुरुआती तौर पर ये रकम प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ी बताई जा रही है। हवाला का पैसा होने की भी आशंका है। श्यामला हिल्स इलाके में पहले भी इस तरह की लूट की वारदात सामने आ चुकी हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा सकते हैं।
एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित का कहना है कि, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का दावा किया है।