MP News: नई बसें शुरु होने से बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स को अब यात्रा का सीधा और किफायती विकल्प मिल गया है।
MP News: एमपी के भोपाल शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) ने सड़कों पर आठ बसें शुरू कर दी गई हैं। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को सीधी सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। शुरू की गईं बसें रूट नंबर 413 पर संचालित हो रही हैं, जो कोकता से सैर सपाटा होते हुए नीलबड़ तक यात्रियों को पहुंचाएंगी। रोजाना करीब 3500 यात्रियों को सीधी और सस्ती परिवहन सुविधा मिलने लगी है। बसों का संचालन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निरंतर जारी रहेगा।
इस रूट की खासियत है कि यह कोकता, पिपलानी, प्रभात चौराहा, बोर्ड ऑफिस चौराहा, नूतन कॉलेज, बिट्टन मार्केट, नेहरू नगर चौराहा और सैर सपाटा चौराहा होते हुए नीलबड़ पहुंचता है। इस मार्ग पर कॉलेजों की संख्या अधिक होने के कारण बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स को अब यात्रा का सीधा और किफायती विकल्प मिल गया है। एक साल बाद पहली बार बसों का कुल बेड़ा 100 के करीब पहुंचने वाला है। अभी 33 से ज्यादा बसें सीएनजी पर चल रही हैं, जबकि लगभग 50 बसें डीजल संचालित हैं।
इन आठ बसों के साथ अब शहर में कुल बसों की संख्या 84 हो गई है। अगले एक सप्ताह के भीतर 10 और बसें जोड़ी जाएंगी। नई बसों की शुरुआत से शहर के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। अंजू अरुण कुमार, सीईओ, बीसीएलएल