
aadhar card biometrics update- मध्यप्रदेश के कई जिलों में इन दिनों आधार सेंटरों पर भीड़ उमड़ रही है। क्योंकि इन लोगों को खतरा है कि उनका आधार कार्ड कहीं निलंबित न हो जाए। भोपाल जिले की बात करें तो यहां 70 हजार आधार कार्ड को सस्पेंड होने से बचाने के लिए अपडेट कराने का कम चल रहा है। दरअसल, पांच साल से 15 साल की आयु में जिन लोगों ने आधार कार्ड बनवाया था और उन्हें अप तक अपडेट नहीं किया है, यानी उनका बायोमेट्रिक डाटा, फिंगर प्रिंट और आइरिश स्केन नहीं हुआ तो ऐसे आधार कार्ड धारकों का कार्ड निलंबित हो सकता है। हालांकि अब तक आधे लोगों का आधार अपडेशन का काम हो गया है।
अकेले भोपाल में ऐसे आधार कार्ड की संख्या 70 हजार के करीब पहुंच गई थी, जिनका अपडेशन कई वर्षों से नहीं हुआ है। हालांकि आधार सेंटरों में ही चल रहे तेजी से काम के कारण अब तक आधे लोगों ने अपडेशन का काम पूरा करवा लिया है। सबसे ज्यादा दिक्कतें स्कूल, कॉलेज और नए डाक्यूमेंट बनवाने के दौरान होती है। आधार मिल जाने के बाद सभी दस्तावेज आसानी से बन जाते हैं। इनमें चाहे बैंक में खाता खुलवाना हो, समग्र आईडी बनवाना हो। आय प्रमाण पत्र हो या मूल निवासी प्रमाण पत्र हो। या स्कूल कालेजों में एडमिशन हो। इसके अलावा छात्रवृत्ति और कई प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को भी आधार को अपडेट रखना जरूरी है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (uidai) की गाइडलाइन के मुताबिक जिनका आधार 5 साल की उम्र से पहले बन गया है, उन्हें अगले तीन सालों में बायोमेट्रिक डाटा अपडेट करवाना जरूरी है। जिनका आधार 5 साल की उम्र के पहले बना है, उन्हें 15 से 17 साल के बीच अपडेट करवाना जरूरी है।
हालांकि राजधानी भोपाल में दो बड़े आधार सेंटर हैं। इनके अलावा टीटीनगर, रायल मार्केट, जीपीओ, कोलार लोक सेवा केंद्र समेत अधिकतर डाकघरों में भी आधार सेवा केंद्र बनाए गए हैं, उनमें से आप आधार कार्ड में बायोमेट्रिक डाटा अपडेट करवा सकते हैं।
यदि आपने भी अपने आधार को अपडेट नहीं कराया है तो जरूर करवा लें। अन्यथा आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आपका आधार कार्ड सस्पेंड हो सकता है निष्क्रिय होने वाले आधार कार्ड को दोबारा से बनवाने में आपको कई दिक्कतें होंगे, समय और पैसा भी लगेगा। बायेमेट्रिक डाटा अपडेट नहीं होने की स्थिति में आप या आपके बच्चे किसी परीक्षा में नहीं बैठ पाएंगे या उन्हें किसी संस्थान में एडमिशन नहीं मिल पाएगा। इसके अलावा जॉब भी नहीं लग पाएगा। पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में भी दिक्कतें होंगी। इसलिए आज भी अपने नजदीकी आधार सेंटर पर जाकर अपना आधार कार्ड अपडेट करवा लें।