
MP News: भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश के आशीष ऊषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की बड़ी अहम जिम्मेदारी सौपी है। सूबे के ग्वालियर से भाजपा संगठन में अपना राजनीतिक सफर शुरू करने वाले आशीष ऊषा अग्रवाल का सफर अब दिल्ली तक पहुंच गया है। उन्हें पार्टी द्वारा इस अहम जिम्मेदारी के सौंपे जाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'आशीष उषा अग्रवाल जी को मीडिया विभाग का संयोजक नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।'
खास बात ये है कि, राष्ट्रीय टीम में एंट्री मिलने के सिर्फ 37 दिनों के भीतर ही उन्हें ये बड़ी जिम्मेदारी मिली है। ग्वालियर के आशीष उषा अग्रवाल का भाजपा में सफर अचानक मिली किसी एक जिम्मेदारी की कहानी नहीं है। करीब 16 साल पहले उन्होंने पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका शुरू की थी। इसके बाद उनकी सक्रियता भाजपा संगठन की ओर बढ़ी और 2010 से वे ग्वालियर में पार्टी की गतिविधियों से जुड़ गए। लगातार संगठन के साथ काम करने के बाद 2017 में उन्हें भाजपा मध्यप्रदेश के मीडिया पैनल में जगह मिली। इसके बाद 2021 में वे प्रदेश प्रवक्ता बने। करीब दो साल बाद अप्रैल 2023 को उन्हें मध्यप्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी बनाया गया।
17 अगस्त 2026 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय टीम में नियुक्तियां की थीं। उस समय आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया था। उनके साथ प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को भी यही जिम्मेदारी दी गई थी। उस समय राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी अनिल बलूनी के पास थी। लेकिन, आज फिर पार्टी ने राष्ट्रीय मीडिया विभाग में बदलाव किया और आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया है।