
भोपाल में वकीलों का प्रदर्शन (फोटो सोर्स: Patrika)
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अदालत चौराहे पर बुधवार को जिला अदालत के वकीलों का सड़क पर खासा आक्रोश देखने को मिला। नाराज वकीलों ने जिला अदालत के बाहर के पूरे चौराहे पर चक्काजाम कर अदालत के वरिषण अधिवक्ता से बीती रात मारपीट करने वाले जहांगीराबाद टीआई के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इधर, मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस विभाग ने भी बड़ा एक्शन लेते हुए थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है।
बता दें कि, राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में जिला अदालत के वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश रावल के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। भोपाल में वकीलों के प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
बता दें कि, मामला मंगलवार रात का है। बैरागढ़ कलां में रहने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश रावल, जो करीब 21 वर्षों से वकालत कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, थाना परिसर में उनके साथ मारपीट की गई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें राकेश रावल अपने शरीर पर लाठी से पिटाई के निशान दिखाते हुए जहांगीराबाद थाना प्रभारी और उनके स्टाफ पर मारपीट का आरोप लगा रहे थे। मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता बीती रात भी जहांगीराबाद थाने पहुंच गए थे और थाने का घेराव करते हुए टीआई पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। कार्रवाई न किए जाने पर बुधवार को जिला अदालत के सामने चक्काजाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि, मंगलवार रात डोल ग्यारस के मौके पर खटलापुरा इलाके में गणेश प्रतिमा विसर्जित की जा रही थी। इसी दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अधिवक्ता राकेश रावल और ट्रैफिक एसीपी के बीच कहासुनी हुई थी। यहां से पुलिस राकेश रावल को पकड़कर जहांगीराबाद थाने ले आई थी। रावल का आरोप है कि, थाने लाकर टीआई और अन्य पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही मामला तेजी से फैल गया और बड़ी संख्या में वकील थाने पहुंच गए।
Updated on:
23 Sept 2026 03:49 pm
Published on:
23 Sept 2026 01:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
