Ashoknagar Collector Aditya Singh- आईएएस आदित्य सिंह को भोपाल बुलाया, साकेत मालवीय को सौंपा अशोकनगर कलेक्टर का जिम्मा
Ashoknagar Collector Aditya Singh - मध्यप्रदेश में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। राज्य सरकार ने बुधवार को दो आईएएस अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया जिनमें एक कलेक्टर भी हैं। प्रदेश के अशोकनगर जिले के कलेक्टर आदित्य सिंह को हटा दिया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए। आईएएस आदित्य सिंह को भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास भोपाल में संचालक नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर आईएएस साकेत मालवीय को अशोकनगर का नया कलेक्टर बनाया गया है।
प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग के रात को जारी एक आदेश ने प्रशासनिक हल्कों को चौंका दिया। इस आदेश में 2014 बैच के आईएएस आदित्य सिंह को अशोकनगर के कलेक्टर पद से हटाकर भोपाल बुलाया गया जबकि उनके स्थान पर मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल भोपाल के संचालक साकेत मालवीय को अशोकनगर का कलेक्टर नियुक्त कर दिया गया। आईएएस साकेत मालवीय भी 2014 बैच के अधिकारी हैं।
आईएएस आदित्य सिंह को एकाएक अशोकनगर से हटाकर भोपाल बुलाने पर प्रशासनिक गलियारों में हैरानी जताई जा रही है। इस तबादले को जिले के एक धर्मस्थल में हुए ताजा विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
इससे पहले बुधवार को ही कलेक्टर कमिश्नर कान्फ्रेंस में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने स्वास्थ्य एवं पोषण अभियान की समीक्षा करते हुए अशोक नगर कलेक्टर को स्थिति में सुधार लाने को कहा था। मुख्य सचिव ने बैठक में गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच पूरी गुणवत्ता से करने और असत्य आंकड़े प्रस्तुत नहीं करने के लिए निर्देश दिए थे।