भोपाल

एमपी में मधुमक्खियों का आतंक : शाजापुर में 24 भेड़ की मौत, बैतूल में युवक को 1 कि.मी दौड़ाया, यहां से भी आई खबरें

Bee Menace In MP : रविवार को एमपी में मधुमक्खियों के आतंक का दिन गुजरा। प्रदेश के कई जिलों से एक के बाद एक कई लोगों पर हमले की खबरें सामने आने लगीं। यहां तक की मधुमक्खियों के हमले 24 एक झुंड की 24 भेड़ों की मौत तक हो गई।
4 min read
Bee Menace In MP
एमपी में मधुमक्खियों का आतंक (photo source- Patrika)

Bee Menace In MP : मध्य प्रदेश में रविवार को मधुमक्खियों के आतंक का दिन गुजरा। प्रदेश के कई जिलों से एक के बाद एक कई लोगों पर हमले की खबरें सामने आने लगीं, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। सूबे के शाजापुर में मधुमक्खियों के हमले में एक साथ 24 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि इनका चरवाहा भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यही नहीं, बैतूल में एक युवक पर मधुमक्खियों के झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया। बचने के लिए युवक करीब एक किलोमीटर तक दौड़ता रहा, पर मधुमक्खियां उसे काटती रहीं। यही नहीं, बचने के लिए वो एक पानी की टंकी में कूद गया, लेकिन वहां भी ये नाराज मधुमक्खिां उसे डंक मारती रहीं।

इसी के साथ प्रदेश के खंडवा जिले से भी मधुमक्खियों द्वारा एक साथ पांच से ज्यादा लोगों को काटकर घायल करने की खबर सामने आई है तो वहीं, रीवा में एक मानसिक विक्षिप्त महिला पर भी मधुमक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया। बचने के लिए महिला दौड़कर थाने में घुस गई, जहां एक पुलिसकर्मी ने अपनी सूझबूझ से थाने के अन्य पुलिस जवानों के साथ साथ उस महिला को बचाया।

शाजापुर में मधुमक्खियों के हमले में 24 भेड़ की मौत

मधुमक्खियों के हमले में 24 भेड़ की मौत (photo source- Input)

सबसे पहले बात सूबे के शाजापुर की, जिले के अंतर्गत आने वाले शुजालपुर की तिलावद पुलिस चौकी इलाके में मधुमक्खियों के झुंड ने राजस्थान के एक चरवाहे द्वारा लाए गए भेड़ों के झुंड पर हमला कर दिया। इस हमले में झुंड की 24 भेड़ों की तो मौत हो चुकी हैं, जबकि चरवाहे समेत कई अन्य भेड़ घायल हैं। फिलहाल, चरवाहे को इलाजे के लिए सीहोर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि, मधुमक्खियों के झुंड ने भेड़ों पर उस वक्त हमला किया, जब वो यहां स्थित एक नदी से पानी पी रही थीं। हमले में पशुपालक को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

इसी चरवाहा समूह की 220 भेड़ हल्दी खाकर मर चुकीं

आपो याद दिला दें कि, इसी चरवाहा समूह के साथ 25 फरवरी को भी एक बड़ा हादसा हो चुका है। उस समय मैना गांव के साप्ताहिक बाजार से खरीदी गई हल्दी भेड़ों को खिलाई गई थी, जिसके चलते इस झुंड की 220 भेड़ों की मौत हो गई थी। उस घटना में मिलावटी हल्दी की आशंका जताई गई थी। चरवाहा ने इसे प्राकृतिक आपदा बताते हुए प्रशासन से आर्थिक सहायता और मदद की गुहार लगाई थी। अभी प्रशासन की ओर से उस नुकसान की भरपाई पर कोई निराकरण हो नहीं सका कि, अब अगले ही महीने चरवाहे को एक और बड़ा नुकसान हुआ है।

बैतूल में मधुमक्खियों का युवक पर जानलेवा हमला

मधुमक्खियों का युवक पर जानलेवा हमला (photo source- Input)

मधुमक्खियों के हमले की एक खबर बैतूल से सामने आई। यहीं मधुमक्खियों के झुंड ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। मदुमक्खियों से अपनी जान बचाने के लिए युवक करीब एक किलोमीटर तक दौड़ लगाता रहा, बावजूद इसके मधुमक्खियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और वो पूरे रास्ते उसे काटती रहीं।

मधुमक्खियों के हमले की ये सनसनीखेज घटना जिले के खेड़ी सांवलीगढ़ गांव की है। यहां दौड़ते-दौड़ते युवक एक बस्ती में घुस गया। उसे बचाने के लिए लोगों ने आग भी जलाई, लेकिन मानों उस आग का कोई असर मधुमक्खियों पर हो ही नहीं रहा था। युवक भागकर एक पानी से भरी टंकी में कूद गया, लेकिन यहां भी मधुमक्खियों का झुंड पानी पर मंडराता रहा और जैसे ही युवक सांस लेने ऊपर आता, मधुमक्खियां उसे काटने लगतीं। काफी देर के बाद मधुमक्खियों का झुंड खुद ब खुद वहां से उड़ गया। स्थानीय लोगों ने युवक को टंकी से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां नाजुक हालत में युवक का इलाज जारी है।

खंडवा में खेत में काम कर रहे किसानों पर हमला

खेत में काम कर रहे किसानों पर हमला (photo source- Input)

मधुमक्खियों के अटैक की एक और बड़ी खबर खंडवा जिले से सामने आई। यहां खेत में काम कर रहे पांच से ज्यादा लोगों पर मधुमक्खियों के विशाल झुंड ने अचानक से अटैक कर दिया। मामला जावर के कुलवाड़ा गांव का है। बताया जा रहा है कि, घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। फिलहाल, यहां भी सभी घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं।

रीवा में विक्षिप्त महिला पर मधुमक्खियों का अटैक

विक्षिप्त महिला पर मधुमक्खियों का अटैक (photo source- Input)

इधर, रीवा जिले में एक विक्षिप्त महिला पर मधुमक्खियों के झुंड ने अटैक कर दिया। जान बचाने के लिए महिला थाने तरफ भागी, जहां प्रधान आरक्षक ने अपनी जान पर खेलते हुए कंबल ओढकर धुआं किया, तब जाकर मधुमक्खियों के झुंड से महिला समेत थाने में मौजूद अन्य लोग बच सके। फिलहाल, हमले में घायल महिला को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बैकुंठपुर थाने के सामने स्थित पानी की टंकी में मधुमक्खियों का छत्ता लगा है। एक विक्षिप्त महिला रविवार को पैदल पानी की टंकी के नीचे से गुजर रही थी। इसी दौरान झुंड ने उसपर हमला कर दिया। मधुमक्खियों से बचने के लिए महिला थाने में घुस गई, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। थाने में मौजूद प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत एक कंबल ओढा और महिला के पास धुआं कर दिया, जिससे मधुमक्खियां भाग गई। बाद में एम्बुलेंस की मदद से घायल महिला को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के चलते काफी देर मौके पर अफरा तफरी का माहौल रहा।

मामले को लेकर थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा ने बताया कि, एक विक्षिप्त महिला पर मधुमक्खियों ने हमला किया था। प्रधान आरक्षक ने सतर्कता दिखाते हुए धुआं किया, जिससे उसकी जान बच गई। महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है।

Updated on:
23 Mar 2026 07:45 am
Published on:
23 Mar 2026 07:45 am