भोपाल

भोपाल की ‘पियू’ लॉस एंजिल्स पहुंची, धर मान के एपिसोड में बनीं ‘ज़ोया’

Bhopal Girl Priyanka Chandani- भोपाल से ताल्लुक रखने वाली प्रियंका चंदानी को मिला हॉलीवुड में एक्टिंग का मौका...। बन गई एक्ट्रेस...।
2 min read
Sep 14, 2026
Actress Priyanka Chandani
Actress Priyanka Chandani- भोपाल की प्रियंका चंदानी को हॉलीवुड की फिल्मों में मिला मौका। (फोटो-priyanka chandani instagram)

Actor-Model Priyanka Chandani- भोपाल में अपने ननिहाल में खेली-कूदी एक बेटी सपनों के शहर लॉस एंजिल्स पहुंच गई और अपने अभिनय के दम पर अपनी पहचान बना ली। भोपाल की पियू यानी प्रियंका चंदानी ने धर मान स्टूडियोज के नए एपिसोड “Overprotective Mom Won’t Let Girl Wear Skirts” में ‘ज़ोया’ नाम की लड़की का मुख्य किरदार निभाया है। उसकी एक्टिंग दर्शकों को काफी पसंद आ रही है।

एक्ट्रेस प्रियंका चंदानी ने पत्रिका.काम से खास बातचीत में बताया कि धर मान स्टूडियोज का नया एपिसोड काफी लोकप्रिय हो रहा है। ज़ोया एक ऐसी किशोरी है, जो लड़कियों को सशक्त बनाने के लिए नए उपकरण बनाने का सपना देखती है। दूसरी ओर उसकी मां अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर बेहद सख्त रहती हैं। उसकी सख्ती के पीछे उसके अपने पुराने अनुभव और डर छिपे होते हैं। प्रियंका कहती हैं कि भारतीय माहौल में पली-बढ़ी होने के कारण उन्हें ज़ोया की कहानी काफी अपनी-सी लगती है। प्रियंका के मुताबिक, कहानी का संदेश केवल मां-बेटी के रिश्ते तक सीमित नहीं है। यह युवाओं को अपनी बात कहने और अपनी पहचान बनाने का हौसला भी देती है।

2023 में लॉस एंजिल्स पहुंचीं

प्रियंका वर्ष 2023 में अभिनय में पेशेवर करियर बनाने के लिए लॉस एंजिल्स चली गई थीं। उन्होंने Lee Strasberg Theatre and Film Institute से अभिनय का प्रशिक्षण लिया। वर्ष 2025 में उन्होंने AOS डिग्री हासिल की। लॉस एंजिल्स में प्रियंका थिएटर के साथ-साथ विज्ञापन, डिजिटल प्रोडक्शन और वर्टिकल ड्रामा में भी अपनी पहचान बनाई है। प्रियंका Dunkin’, CarMax और Honda Civic जैसे ब्रांडों के विज्ञापन भी कर चुकी हैं।

भोपाल आज भी दिल में बसा है

प्रियंका का भोपाल से खास रिश्ता है। उनका ननिहाल भोपाल की अरेरा कॉलोनी में रहा है। उनकी मां संगीता भी भोपाल में पढ़ी-लिखी हैं। नाना-नानी के जाने के बाद अब उनके मामा संजय मलानी भोपाल में रहते हैं। प्रियंका बताती हैं कि वह साल में कम से कम एक बार पूरे परिवार के साथ भोपाल जरूर आती हैं। प्रियंका कहती हैं कि धर मान के प्रोजेक्ट में मुख्य भूमिका मिलना उनके लिए इस सफर का खास पड़ाव है। ज़ोया का किरदार निभाने का मौका मिलना और दर्शकों का इतना प्यार और समर्थन पाना मेरे लिए बेहद मायने रखता है।‘पियू’ से ‘ज़ोया’ तक का यह सफर अभी शुरू हुआ है और प्रियंका की नजरें अब बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स पर हैं।

Updated on:
14 Sept 2026 12:55 pm
Published on:
14 Sept 2026 12:55 pm