
Bhopal News : साइबर पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद मध्य प्रदेश में ऑनलाइन फ्रॉड के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। राजधानी भोपाल इन साइबर अपराधियों का हंट बनता जा रहा है। हालात ये है कि, एक ही समय में शहर के अलग अलग थाना क्षेत्रों में लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। किसी को टेलीग्राम ग्रुप पर पैसे कमाने का लालच देकर लाखों रूपए ठगे गए तो कही मोबाइल हैंग हुआ खाते से लाखों रुपए निकल गए तो कहींसब्जी की दुकान चलाने वाले शख्स से जालसाजों ने हजारों रुपए ठग लिए।
साइबर अपराध से जुड़ा पहला मामला अवधपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोमेश होम्स के वैभव विहार से सामने आया, जहां रहने वाले 39 वर्षीय लक्ष्मीनारायण सिंह से टेलीग्राम एप के एक ग्रुप पर टास्क पूरा कर पैसे कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने 5 लाख 89 हजार 710 ठग लिए। जब लक्ष्मीनारायण ने टास्क पूरा कर पैसे मांगे तो आरोपियों ने 10 लाख 24 हजार दिलाने का झांसा देकर कहा कि 5 लाख 12 हजार रुपए सिक्योरिटी के तौर पर जमा करवा दीजिये। युवक को साइबर ठगी होने का शक हुआ तो साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की।
फरियादी ने पुलिस को बताया 21 जुलाई की सुबह दस बजे उसे टेलीग्राम पर गोपिका रविकुमार और सजनी मनोहर का मैसेज आया था और टेलीग्राम से पैसे कमाने की बात कही। आरोपियों ने एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर काम करने को कहा। जालसाजों के कहने पर पहली बार लक्ष्मीनारायण ने यूटीआर नंबर से 30 हजार रुपए जमा किए। उसी वेबसाइट पर एक और टास्क दिया और 64 हजार 281 रुपए एसबीआई के खाते से जमा किए थे।
वहीं, शहर के पिपलानी थाना इलाके में रहने वाले रिटायर्ड भेल कर्मचारी समेत छह लोगों के साथ लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी चंद्रिका यादव ने बताया कि, नरेला शंकरी इलाके में रहने वाले 67 वर्षीय रिटायर्ड भेल कर्मचारी घनश्याम बिछेले का मोबाइल पिछले दिनों अचानक हैंग हो गया था। जब मोबाइल चालू नहीं हुआ तो उन्होंने पड़ोस में रहने वाले एक युवक की मदद ली। युवक ने किसी तरह मोबाइल को री-स्टार्ट किया। इस दौरान पता चला कि, अकाउंट से 3 बार में 1 लाख 90 हजार 888 रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है। यानी मोबाइल हैंग होने की अवधि में ये रकम उनके बैंक खाते से निकाली गई है।
इसके अलावा, कल्पना नगर पिपलानी में सब्जी की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के साथ साइबर जालसजों ने 25 हजार रुपए ठग लिए। वहीं, आनंद नगर निवासी एक व्यक्ति को 42 हजार रुपए, प्रेस कालोनी आनंद नगर निवासी एक व्यक्ति को 25 हजार रुपए, गुप्ता कालोनी आनंद नगर निवासी एक व्यक्ति को 43 हजार और कर्मवीर नगर निवासी एक युवक को 91 हजार रुपए साइबर ठगों ने ठगे हैं।