भोपाल

Bhopal News : टेलीग्राम पर साइबर ठगी का महाजाल, टास्क के नाम पर ठगे 5.41 लाख

Bhopal News : भरोसा जीतकर खातों में जमा कराई रकम, इनकम टैक्स के नाम पर मांगे और रुपए। पीड़ित शख्स से 5.41 लाख की ठगी।
2 min read
Bhopal News
टेलीग्राम पर साइबर ठगी का महाजाल

Cyber Fraud Network : मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर चलाए गए 'सेफ क्लिक-2.0' अन्य साइबर जागरुकता अभियानों के बावजूद मध्य प्रदेश में साइबर अपराध के मामले चरम पर हैं। राजधानी भोपाल तो मानों साइबर ठगी का हंट बनती जा रही है। पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद यहां ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी ही दर्ज हो रही है। ताजा मामला शहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर कमाई का झांसा देकर 54 वर्षीय शख्स से लाखों रुपए की ठगी की गई है।

बताया जा रहा है कि, साइबर जालसाजों ने शख्स से 5 लाख 41 हजार 910 रुपए की साइबर ठगी की है। आरोपियों ने टेलीग्राम पर अलग - अलग आइडी से पीड़ित से संपर्क किया। शुरुआत में टास्क पूरा करने पर खाते में 120 रुपए भेजकर उसका भरोसा जीता। इसके खाते में रकम जमा कराते रहे।

टास्क पूरा करने का लालच

जहांगीराबाद में रहने वाले पवन विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि, 8 मार्च की सुबह 9.55 बजे उनके मोबाइल पर टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन कमाई का मैसेज आया था। इसके बाद अहाना मेहता नाम की आइडी से उनकी बातचीत शुरू हुई। आरोपियों ने कुछ टास्क दिए। इन्हें पूरा करने पर पवन के खाते में 120 रुपए भेजे गए। रकम बढ़ती गई। फिर दूसरे दिन आरोपियों ने नया टास्क पूरा करने के लिए 362 रुपए जमा करने को कहा था। इसके बाद पवन को अलग-अलग टेलीग्राम आईडी से संपर्क कराया गया। इसके बाद आरोपियों ने प्रीपेड टास्क के नाम पर उनसे लगातार रकम जमा कराई।

सिर्फ 21,600 रुपए किए थे वापस

मामले की जानकारी देते हुए जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि, 9 से 13 मार्च के बीच पवन ने अलग-अलग खातों और यूपीआई आइडी में 5,41,910 रुपए जमा किए। इस दौरान आरोपियों ने उनके खाते में 21,600 रुपए वापस भी किए थे।

रकम निकालने पर मांगा इनकम टैक्स

पुलिस ने बताया कि, जब पवन ने टास्क पूरा होने के बाद पूरी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने इनकम टैक्स के नाम पर और रुपए जमा करने के लिए कहने लगे थे। रुपए देने से इनकार कर दिया और जमा रकम में से ही टैक्स काटकर बाकी पैसा लौटाने की बात कही तो आरोपियों ने रकम वापस नहीं की। फिर ठगी का पता चला। पीडि़त ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
11 Aug 2026 07:33 am
Published on:
11 Aug 2026 07:33 am