
Datia By Election - दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार 3 अगस्त को मतगणना प्रारंभ हो गई है। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में मतगणना चल रही है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के बाद दोपहर तक जनादेश की तस्वीर साफ होने की आस है। 15 राउंड में हार जीत का फैसला होगा। दतिया में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला की बात कही जा रही है। कांग्रेस के घनश्याम सिंह और बीजेपी के आशुतोष तिवारी के साथ ही आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव के बीच कड़ा संघर्ष है। रिजल्ट से पहले कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी से निलंबित कर दिया। उनके निलंबन पर बीजेपी ने तंज कसा। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने राजेंद्र भारती के निलंबन पर कहा कि कांग्रेस में हार से पहले ही दोषी तय हो जाते हैं।
शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना प्रारंभ हो चुकी है। अभी डाक मतपत्रों की गणना की जा रही है। उपचुनाव के परिणाम सोमवार को ही घोषित होंगे।
उपचुनाव में कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। दतिया में पार्टी हर हाल में कब्जा बरकरार रखना चाहती है। विधानसभा उपचुनाव में यदि कांग्रेस के प्रत्याशी घनश्याम सिंह जीते, तो श्रेय प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और रणनीति को मिलेगा। हारे, तो आजाद समाज पार्टी द्वारा यादव वोटबैंक में लगाई गई सेंध और गुटबाजी मानी जाएगी।
इस बीच कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी से निलंबित कर दिया। दतिया उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह द्वारा उनपर बीजेपी से मिलीभगत के आरोप लगाए गए थे। शिकायत पर हाईकमान ने कार्रवाई की। राजेंद्र भारती ने आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। अपने निलंबन के बाद उन्होंने कहा कि घनश्याम सिंह को हार की आशंका है जिसके कारण वे मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।
ज्ञात रहे कि पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को बैंक फ्रॉड मामले में तीन साल की सजा मिलने के बाद ही अप्रैल 2026 में उनकी सदस्यता रद्द हुई थी, जिसके बाद यह उपचुनाव कराया गया है। तीन बार विधायक रह चुके भारती का लंबा राजनीतिक सफर रहा है, जिसमें वे सपा और बसपा में भी रह चुके हैं।
इधर राजेंद्र भारती के निलंबन पर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के पहले ही कांग्रेस ने हार का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र भारती का निलंबन बता रहा है कि कांग्रेस में हार से पहले ही दोषी तय हो जाते हैं।