BJP leader Pragya Singh Thakur mourns mother मां के निधन की खबर सुनकर पूर्व सांसद के समर्थक, बीजेपी और संघ कार्यकर्ता उनके निवास पर आ जुटे।
मध्यप्रदेश बीजेपी की वरिष्ठ महिला नेता और भोपाल लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को मातृ शोक हुआ है। उनकी मां सरला सिंह का रविवार को निधन हो गया। स्वर्गीय सरला सिंह पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर के साथ भोपाल में ही रह रहीं थीं और लंबे समय से अस्वस्थ थीं। स्वर्गीय सरला सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर किया जाएगा। मां के निधन की खबर सुनकर पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर के समर्थक, बीजेपी और संघ कार्यकर्ता उनके निवास पर आ जुटे। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
वरिष्ठ बीजेपी नेत्री और पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर की मां सरला सिंह कुछ दिनों से भोपाल में ही रह रहीं थी और लंबे अर्से से अस्वस्थ थीं। उनका भोपाल में ही उपचार चल रहा था। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे सरला सिंह ने अंतिम सांसें लीं।
स्वर्गीय सरला सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर किया जाएगा। पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर के भोपाल के 74 बंगला स्थित आवास बी-29 से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी। प्रज्ञा ठाकुर के करीबियों के अनुसार अंतिम यात्रा भदभदा विश्राम घाट के लिए सुबह 10 बजे रवाना होगी।
बता दें कि साध्वी प्रज्ञा के पिता चंद्रपाल सिंह का पहले ही निधन हो चुका है। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस से जुड़े थे। पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए साध्वी प्रज्ञा भी आरएसएस से जुड़ीं।
प्रदेश की वरिष्ठ पार्टी नेता और पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर की मां के देहांत पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने शोक जताया। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा-
पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुरजी की पूज्य माता श्रीमती सरला सिंहजी के निधन का समाचार दुःखद है। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व परिजनों को यह दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।
ऊँ शांति।