
Bhopal News :मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों से चल रही भारतीय जनता पार्टी की 'लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ' यात्रा बुधवार को राजधानी भोपाल में बड़े पैमाने पर पदयात्रा निकालने जा रही है। इस पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के साथ केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत प्रदेश भाजपा के कई पदाधिकारी और मंत्री शामिल होंगे। पार्टी इस आयोजन के जरिए राजधानी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी के दावे के अनुसार, इस पदयात्रा में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पदयात्रा में शामिल होने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बुधवार सुबह को भोपाल पहुंचेंगे। पदयात्रा सुबह 10 बजे टीटी नगर स्थित अटल पथ, प्लेटिनम प्लाजा से शुरू होगी और रोशनपुरा पहुंचकर इसका समापन कार्यक्रम होगा। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संगठनों और खेल संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे से पहले राजधानी भोपाल में उनके दौरे की रिहर्सल की गई। एक डमी काफिले को संबंधित सड़कों पर दौड़ाया गया, ताकि काफिले की यात्रा को पूरी तरह से सुनिश्चित किया जा सके। आपको बता दें कि, राजनाथ नाथ सिंह बुधवार को अटलपथ पर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान वो कांग्रेस द्वारा एसआईआर प्रक्रिया पर लगाए आरोपों पर भी बात करेंगे।
इससे एक दिन पहले रैली की तैयारियों को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने भोपाल के सभी जनप्रतिनिधियों और पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों की अहम बैठक हुई थी। बैठक में राजधानी से जुड़े सभी मंत्री, सांसद और विधायकों को निर्देश दिए हैं कि, वे अपनी-अपनी विधानसभा के लोगों के साथ सेक्टर वाइज चलेंगे। रैली में शहरी इलाके के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोगों को बुलाया जा रहा है।