भोपाल

एमपी में इंजीनियर्स को बड़ी सौगात, सीएम ने रिसर्च एण्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित करने का ऐलान किया

CM Mohan Yadav- देशभर की तरह मध्यप्रदेश में भी भारत के महान अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई।
2 min read
• •
Updated: 15 Sep 2025, 7:38 PM IST
CM Mohan Yadav announced to establish Engineers Research and Training Institute
CM Mohan Yadav announced to establish Engineers Research and Training Institute

CM Mohan Yadav- देशभर की तरह मध्यप्रदेश में भी भारत के महान अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस मौके पर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम हुआ। लोक कल्याण से लोक निर्माण के संकल्प के साथ आयोजित कार्यक्रम का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने सर विश्वेश्वरैया के चित्र पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में इंजीनियर्स के लिए बड़ी घोषणा की। उनके लिए प्रदेश में रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित करने का ऐलान किया।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश के अभियंताओं ने चिनाब ब्रिज जैसे निर्माण कर हर अवसर पर अपनी उत्कृष्टता सिद्ध की है। भारतीय संसद के दोनों भवन मध्यप्रदेश की प्राचीन संरचनाओं से प्रेरित हैं। प्रदेश में लोक निर्माण विभाग ने लोक कल्याण की शुरुआत की है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अभियंता का अर्थ है आरंभकर्ता और हमारे इंजीनियर शुभारंभकर्ता हैं। सृष्टि का सबसे बड़ा अभियंता ईश्वर है, उन्होंने ही यह संसार रचा है। सृष्टि की इस संरचाना के संचालन को अभियंताओं ने ही संभव बनाया है। भारतीय ज्ञान परम्परा में हमें कई अभियंताओं के योगदान की जानकारी प्राप्त होती है। भगवान विश्वकर्मा को तकनीक और अभियांत्रिकी का आराध्य माना जाता है।

सीएम मोहन यादव ने इंजीनियर्स को हनुमान बताया। उन्होंने कहा कि इंजीनियर एक प्रकार से हनुमानजी के समान है, जो कठिन से कठिन कार्य को सरल बनाने की क्षमता और योग्यता रखते हैं। सीएम ने कहा कि सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया ने 20वीं शताब्दी में देश के कठिन समय में अभियांत्रिकी के नए कीर्तिमान गढ़े। उन्होंने महान वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु के योगदान का भी स्मरण किया।

दो डिजिटल प्लेटफार्म का लोकार्पण

डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के दो महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म "लोक निर्माण सर्वेक्षण ऐप" और लोक परियोजना प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ किया। विभाग की उपलब्धियों, योजनाओं और नवाचारों पर केंद्रित न्यूज लेटर का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं और संविदाकारों का सम्मान किया।

इंजीनियर्स रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट

सीएम मोहन यादव ने इस मौके पर इंजीनियर्स के लिए अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इंजीनियर्स रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जाएगा। इससे अभियंताओं को नवीन तकनीक और कार्यपद्धति का प्रशिक्षण देकर कार्यक्षमता में वृद्धि करने का उद्देश्य पूरा हो सकेगा।

पारदर्शिता और जवाबदेही में वृद्धि : मंत्री राकेश सिंह

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश ने आधारभूत संरचना के विकास में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म "लोक निर्माण सर्वेक्षण ऐप" और लोक परियोजना प्रबंधन प्रणाली की पहल न केवल तकनीकी उन्नति की दिशा में एक कदम है, बल्कि जनसुलभता और पारदर्शिता को भी मजबूत बनाने का प्रयास है।

Updated on:
15 Sep 2025, 7:38 PM IST
Published on: