CM Mohan Yadav- सीएम मोहन यादव का दिल्ली दौरा, बीजेपी अध्यक्ष व मंत्रियों से की मुलाकात
CM Mohan Yadav- मध्यप्रदेश में निगम-मंडलों में नियुक्तियों की कवायद चल रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कुछ नाम फायनल हो चुके हैं जिनका कभी भी ऐलान किया जा सकता है। इन अटकलों के बीच सीएम मोहन यादव दिल्ली जा पहुंचे। उनके इस दौरे से निगम-मंडलों में नियुक्तियों की ख्वाहिश पाले बैठे पार्टी नेताओं की सांसें तेज हो गई हैं। इधर सीएम मोहन यादव ने नई दिल्ली में बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन व केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। उनसे विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की।
प्रदेश में निगम-मंडलों में नियुक्तियों का लंबे अरसे से इंतजार किया जा रहा है। बीजेपी के अनेक वरिष्ठ नेताओं का अहम पदों से नवाजा जाना तय है। सीएम मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश के साथ मध्य क्षेत्र के प्रचारक स्वप्निल कुलकर्णी और अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख दीपक विस्पुते जैसे वरिष्ठ संघ पदाधिकारियों से भी इस संबंध में बातचीत की गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार निगम-मंडलों में नियुक्तियों पर सरकार और संगठन में सहमति बन चुकी है। कुछ नामों की सूची तैयार हो गई है। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन नामों की पहली सूची सर्वसम्मति से तैयार की जा चुकी है, जिसकी घोषणा भर बाकी है।
बीजेपी के अनेक वरिष्ठ नेता करीब 2 साल से सांसें थामें निगम मंडलों में नियुक्तियों का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे नेताओं की धड़कनें सोमवार को तब तेज हो गईं जब सीएम मोहन यादव अचानक दिल्ली पहुंच गए। उनके दौरे पर निगम मंडलों के दावेदारों के अलावा प्रदेश की राजनीतिक वीथिकाओं में भी अटकलें लगने लगीं।
इधर सीएम मोहन यादव नई दिल्ली में पार्टी नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। सीएम ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर यशस्वी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी।
दिल्ली में सीएम मोहन यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भी मुलाकात की। केंद्रीय विधि एवं न्याय और संसदीय कार्य राज्य मंत्री से इस मुलाकात को उन्होंने शिष्टाचार भेंट बताया।