Cold Wave Alert: दिसंबर की ठिठुरन अब और तीखी होने जा रही है। मौसम विभाग चेतावनी दे रहा है। आज से तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। सुबह धुंध और ठंडी हवाओं से सावधान रहें।
MP Weather: दिसंबर की शुरुआत से ही शहर में सर्दी का दौर जारी है, हालांकि बुधवार से हवा का रुख उत्तर पूर्वी होने के कारण न्यूनतम तापमान में तकरीबन ढाई डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह राहत ज्यादा नहीं है। शुक्रवार से सर्दी का दौर बढ़ने की संभावना है, साथ ही अगले तीन चार दिन में तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। ऐसे में तेज सर्दी पड़ने की संभावना है। (Cold Wave Alert)
शहर में गुरुवार को मौसम का मिजाज शुष्क रहा। सुबह धूप के साथ धुंध भी रही। 7:30 बजे तक विजिबिलिटी एक हजार मीटर के आसपास थी। दिन में धूप भी खिलती रही, लेकिन शाम होते ही हवा का रुख धीरे-धीरे उत्तरी होने लगा इसके कारण फिर मौसम सर्द नजर आया। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 24.8 और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में एक ही दिन में 2.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। शुक्रवार से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे का कहना है कि एक बार फिर उत्तरी विंड पैटर्न (northern wind pattern) सेट होने की संभावना है। इसके कारण आने वाले तीन चार दिन फिर अच्छी सर्दी दिखाई दे सकती है। न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। जो मध्यभारत में प्रेरित चक्रवात बना था, वह भी अब कमजोर हो गया है, इससे उत्तरी हवा सीधी आएगी, इससे तापमान में फिर गिरावट हो सकती है। (Cold Wave Alert)