भोपाल

दतिया में जीत के “नायक” अवधेश, कांग्रेस ने दी बड़ी जिम्मेदारी, 2 चुनौतियों से पाना होगा पार

Datia Victory- कांग्रेस ने बनाया प्रदेश महासचिव, पार्टी ने दतिया उपचुनाव में जीत के बाद की नियुक्ति
2 min read
Aug 07, 2026
अवधेश नायक को कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी
अवधेश नायक को कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी- Image Patrika.com

Abdhesh Nayak दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का श्रेय जिन नेताओं को दिया जा रहा है उनमें अवधेश नायक भी हैं। उन्हें 2023 में विधानसभा चुनाव में टिकट दे दी गई पर कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद राजेंद्र भारती को उम्मीदवार बनाया। उपचुनाव में भी उनकी दावेदारी सबसे मजबूत थी पर कांग्रेस ने इस बार घनश्याम सिंह को टिकट दी। लगातार दो बार ​अनदेखी करने के बाद भी अवधेश नायक संयमित बने रहे और कांग्रेस की जीत के लिए दिन रात एक कर दिया। अब पार्टी ने उन्हें इसका इनाम देते हुए प्रदेश महासचिव बनाया है। हालांकि उन्हें कई चुनौतियों से पार पाना होगा।

दतिया विधानसभा में जीत के नायक अवधेश को कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उपचुनाव परिणाम की घोषणा के 3 दिन बाद पार्टी ने जिले के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है।

प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की सहमति से अवधेश नायक को यह अहम दायित्व दिया

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नियुक्ति की है। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की सहमति से अवधेश नायक को यह अहम दायित्व दिया गया है।

कांग्रेस द्वारा गुरुवार को जारी नियुक्ति आदेश में अवधेश नायक से पार्टी की रीति-नीति, सिद्धांतों और संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप संगठन को मजबूत करने तथा प्रदेश में कांग्रेस को और अधिक सशक्त बनाने की अपेक्षा व्यक्त की गई है।

दोनों ही अवसरों पर टिकट से वंचित रहे

बता दें कि अवधेश नायक लंबे समय से दतिया की राजनीति में सक्रिय हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव और वर्ष 2026 के दतिया विधानसभा उपचुनाव में उनका नाम कांग्रेस टिकट के दावेदारों प्रमुख शामिल रहा। हालांकि दोनों ही अवसरों पर वे टिकट से वंचित रहे। विधानसभा चुनावों के समय उन्हें पार्टी ने उम्मीदवार घोषित कर दिया था पर विरोध के बाद उनकी टिकट काट दी। हालिया उपचुनाव में भी अवधेश नायक को प्रत्याशी नहीं बनाया। उन्हें अगली बार टिकट देने का आश्वासन दिया गया।

बीजेपी ने भी बहुत डोरे डाले पर वे टस से मस नहीं हुए

उपचुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाने पर अवधेश नायक के समर्थकों ने नाराजगी जताई। बीजेपी ने भी उनपर बहुत डोरे डाले पर वे टस से मस नहीं हुए। अवधेश नायक ने कांग्रेस के प्रति समर्पण दिखाते हुए पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के लिए पूरे मन से काम किया। वे पूरी विधानसभा में घूमे।

प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि अवधेश नायक की सेवाओं को देखते हुए कांग्रेस ने उन्हें अहम दायित्व दिया है। इधर नियुक्ति पर नायक ने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन को मजबूत करना और 2028 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से कार्य करना रहेगा।

अवधेश नायक के सामने 2 अहम चुनौ​तियां

  1. दतिया में भले ही कांग्रेस जीत गई पर प्रदेशभर में पार्टी की हालत खराब है। कई प्रकोष्ठ निष्क्रिय हैं। ऐसे कांग्रेसियों को सक्रिय करना अवधेश नायक के लिए कठिन चुनौती साबित होगी।
  2. प्रदेश में लगातार हार के कारण पार्टी का संगठन अस्त व्यस्त है। बेहद कमजोर संगठन में नई जान फूंकने के लिए पूरा जोर लगाना होगा। अवधेश नायक मूलत: दतिया इलाके के नेता हैं। प्रदेशभर में ज्यादा पहचान नहीं है। ऐसे में काम करने में मुश्किलें आ सकती हैं।
Updated on:
07 Aug 2026 09:15 am
Published on:
07 Aug 2026 07:36 am