
Bhopal News : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह राजधानी भोपाल दौर पर हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा समेत कांग्रेस के कई नेताओं को उन्हीं के घरों में नजरबंद किया गया है। इसपर सूबे के मुख्य विपक्षी दल ने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'अमित शाह इतने डरते हैं कि, कांग्रेस नेताओं के घरों पर भी पुलिस का पहरा लगवा दिया है।'
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, आज भोपाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरा है। इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंकित दुबे, जिला उपाध्यक्ष प्रिंस सिंह, गोविंदपुरा विधानसभा साकेत ब्लॉक अध्यक्ष सुशील प्रजापति, युवा कांग्रेस गोविंदपुरा विधानसभा अध्यक्ष रितेश सोनी, जिला सचिव गिरीश साहू जी, साकेत नगर उप-ब्लॉक अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह ठाकुर, साकेत युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र साहू, मुजाहिद सिद्दकी समेत कई कांग्रेसजनों को हिरासत में लिया गया है।
कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि, 'ये कार्रवाई लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने और विपक्ष को डराने की कोशिश है। मोहन यादव सरकार को अपने कारनामों का जवाब देने के बजाय अब विपक्षी नेताओं को नजरबंद और हिरासत में लेने का सहारा लेना पड़ रहा है।
इसी दौरान एमपी के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता पीसी शर्मा को भी नजर बंद किया गया। उन्होंने भी इस संबंध में अपने एक्स हैंडल पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि, 'केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद किए जाने और कुछ को उनके घरों से उठाए जाने की खबरें सामने आ रही हैं।'
पीसी शर्मा ने सवाल किया कि, 'काले झंडों से इतना डर क्यों? अगर सरकार अपने काम और नीतियों को लेकर आश्वस्त है तो शांतिपूर्ण विरोध और सवालों से घबराहट क्यों? सवाल सीधा है- क्या लोकतंत्र में विरोध की आवाज को रोकना ही सरकार का जवाब है? कांग्रेस न डरने वाली है, न चुप बैठने वाली। जनता के सवाल पूछे जाएंगे और लोकतंत्र की आवाज बुलंद होती रहेगी।'