
Bhopal Congress MLA Vipin Jain Accident: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को एक सड़क हादसे में कांग्रेस विधायक विपिन जैन घायल हो गए। विपिन जैन अपने सरकारी आवास से कांग्रेस विधायक चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर आयोजित धरने में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। हादसे में विधायक विपिन जैन के सिर में चोट आई है और उन्हें कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने अस्पताल में भर्ती कराया है। विधायक के पीएसओ भी हादसे में चोटिल हुए हैं।
देखें वीडियो-
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस विधायक चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इसी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मंदसौर विधायक विपिन जैन अपने सरकारी आवास से निकले थे। वो ऑटो से धरने में शामिल होने के लिए जा रहे थे, इसी दौरान 74 बंगला क्षेत्र में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में विपिन जैन के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा, ऑटो में ही सवार विधायक विपिन जैन के पीएसओ को भी चोटें आई हैं।
पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह घायल हालत में विधायक विपिन जैन व पीएसओ को अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां उनका इलाज कराया। दुर्घटना में विपिन जैन को गंभीर चोटें आने की जानकारी मिली है, उन्हें टांके लगाए गए हैं। विधायक व पीएसओ दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर्स के मुताबिक विधायक व पीएसओ की हालत स्थिर है और जल्द दोनों के स्वस्थ होने की उम्मीद है। हादसा कैसे हुआ फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। हादसे की सूचना मिलते ही कांग्रेस के तमाम नेता उनका अस्पताल पहुंचे और विपिन जैन के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
बता दें कि विपिन जैन मंदसौर विधानसभा सीट से विधायक हैं। साल 2023 में हुए मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव में विपिन जैन ने भाजपा के यशपाल सिंह सिसौदिया को हराया था। चुनाव में विपिन जैन को 1 लाख 5 हजार 316 वोट मिले थे जबकि भाजपा प्रत्याशी यशपाल सिंह सिसौदिया को 1 लाख 3 हजार 267 वोट मिले थे। इस तरह से विपिन जैन ने चुनाव में 2 हजार 49 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।