
Jitu Patwari- मध्यप्रदेश में कांग्रेसियों पर बल प्रयोग किया गया है। राजधानी भोपाल में बीजेपी कार्यालय का घेराव करने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर खदेडा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें जिस बस से ले जाया जा रहा था, कार्यकर्ता उसके आगे खड़े हो गए। नेशनल हेराल्ड केस को लेकर वे कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन करते हुए BJP कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार को इस केस में जबरन फंसाया गया है।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में एकत्रित हुए थे। यहां से बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग से रोकने की कोशिश की थी। कई कार्यकर्ता उसपर चढ़ने लगे। इस पर पुलिस ने कांग्रेसियों को बल पूर्वक हटाया।पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछारों से कई कार्यकर्ता सड़क पर गिरकर घायल हो गए हैं। पुलिस ने कई महिला कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है। उन्हें बसों में ले जाया गया है। गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों को बाद में अलग अलग जगहों पर छोड़ दिया गया।
नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोर्ट के फैसले ने कांग्रेस नेतृत्व को बड़ी राहत दी है। दिल्ली के जिला न्यायालय ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार किया। बुधवार को इस मुद्दे पर कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ बीजेपी कार्यालय की ओर कूच कर दिया।
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेसियों को रोका। इस बीच कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ने लगे तब पुलिस ने वॉटर कैनन का प्रयोग किया। जीतू पटवारी और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। इसी दौरान पुलिस ने प्रदेशाध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर बसों में भरकर ले गई।
महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रीना बोरासी, भोपाल कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भोपाल ग्रामीण अध्यक्ष अनोखी पटेल, पूर्व मंत्री पीपी शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी ने दिल्ली कोर्ट के निर्णय को असत्य पर सत्य की जीत बताया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में ‘सत्यमेव जयते’ के पोस्टर भी ले रखे थे।