भोपाल

विवादों से घिरे IFS अफसरों पर गिरी गाज, कई अधिकारियों के हुए तबादले

MP News: विवादों से घिरे आइएफएस दंपती अधर गुप्ता और नेहा श्रीवास्तव को बालाघाट से हटा दिया। नेहा बालाघाट उत्तर वन मंडल सामान्य में थीं।
less than 1 minute read
Nov 11, 2025
IFS couple Adhar Gupta Neha Srivastava Balaghat
IFS couple Adhar Gupta Neha Srivastava Balaghat (फोटो सोर्स : पत्रिका)

MP News: विवादों से घिरे आइएफएस दंपती अधर गुप्ता और नेहा श्रीवास्तव को बालाघाट से हटा दिया। नेहा बालाघाट उत्तर वन मंडल सामान्य में थीं। गुप्ता दक्षिण सामान्य वन मंडल में तैनात थे। उन्हें वन बल प्रमुख कार्यालय में पदस्थ किया है। नेहा को प्रतिनियुक्ति पर लघु वनोपज संघ में भेजा है। आइएफएस अधर पर बाघिन के शव को बिना पीएम कराए व वरिष्ठ अफसरों को बिना सूचना दिए जलाने समेत काम में लापरवाही के कई पुराने आरोप हैं।

कांग्रेस विधायक ने खोला था मोर्चा

आइएफएस नेहा के खिलाफ कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने मोर्चा खोला था। मुंजारे का दावा था, नेहा ने उन पर रुपए मांगने के झूठे आरोप लगाए। आइएफएस दंपती पर लगे आरोपों की अलग-अलग जांच चल रही थी। एक पुराने मामले में गुप्ता को आरोप-पत्र जारी हुए थे। नेहा के खिलाफ प्रशासन-2 की एपीसीसीएफ कमलिका मोहंता व सिवनी वन वृत्त की सीएफ वासु कन्नौजिया ने जांच रिपोर्ट सौंपी थी। नेहा के आरोप झूठे मिले। कई गड़बड़ियां भी मिलीं।

इनके भी तबादले

पश्चिम वन मंडल सामान्य मंडला के डीएफओ निथ्यानंतम एल को बालाघाट दक्षिण, सामान्य वन मंडल मुरैना डीएफओ सुजीत जे. पाटिल को वन बल प्रमुख दफ्तर भेजा। राज्य वन सेवा के ३ अफसरों का भी तबादला किया। पन्ना टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक माधव सिंह मौर्य को पश्चिम सामान्य वन मंडल मंडला का प्रभारी डीएफओ, वन विकास निगम भोपाल के उप वन संरक्षक हरीशचंद्र बघेल को सामान्य वन मंडल मुरैना का प्रभारी डीएफओ, नीमच सामान्य वन मंडल के उप वन मंडलाधिकारी रमेश धुर्वे को उत्तर सामान्य वन मंडल बालाघाट का प्रभारी डीएफओ बनाया है।

Updated on:
11 Nov 2025 08:02 am
Published on:
11 Nov 2025 08:00 am