
MP Weather update:मध्यप्रदेश के कई जिलों में बुधवार को मौसम परिवर्तन शुरू हो चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान आज और ताकतवर हो गया। यह 100-110 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। यह 20 नवंबर की दोपहर नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच यनम तट से टकरा सकता है। उस समय हवा की रफ्तार 130 से 145 किमी प्रतिघंटा तक पहुंचने की आशंका है। इन्हीं कारणों से आइएमडी ने अगले चार दिन मौसम परिवर्तन का होना बताया है। वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी-बारिश के कारण मध्यप्रदेश में सर्दी बढ़ी है। रात का पारा 10 डिग्री तक पहुंच गया है।
बंगाल की खाड़ी में बने तूफान अकवान का मध्य प्रदेश में भी असर दिखेगा। मौसम केंद्र भोपाल ने 20 और 21 नवंबर को जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। चक्रवात का 21 नवंबर को ज्यादा असर रहेगा। बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे में ढाई से साढ़े 4 इंच तक पानी गिर सकता है।
इसके अलावा मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन में भी 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश होने का अनुमान है। 20 नवंबर को शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश की संभावना है। इससे पहले प्रदेश में बादल वाला मौसम रहेगा।
-मौसम विभाग के मुताबिक एक भीषण चक्रवाती तूफान अकवन पिछले 06 घंटों के दौरान 07 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा है और आज 18 नवंबर, 2026 को भारतीय मानक समय (IST) सुबह 08:30 बजे उसी क्षेत्र में अक्षांश 12.9° उत्तर और देशांतर 85.4° पूर्व के पास केंद्रित रहा, जो चेन्नई (तमिलनाडु) से लगभग 570 किमी पूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 580 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 590 किमी दक्षिणपूर्व, त्रिकोमाली (श्रीलंका) से 660 किमी उत्तरपूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 710 किमी दक्षिण और पुरी (ओडिशा) से 770 किमी दक्षिण में स्थित है।
-उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ना जारी रखते हुए, इसके 20 नवंबर, 2026 की दोपहर तक मछलीपट्टनम और पुरी के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को एक भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में पार करने की संभावना है, जिस दौरान अधिकतम निरंतर हवा की गति 90-100 किमी प्रति घंटा से लेकर 110 किमी प्रति घंटा के झोंकों तक रह सकती है।
-एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ, मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक ट्रफ के रूप में सक्रिय जिसका अक्ष माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर लगभग 33° उत्तर अक्षांश के उत्तर में 70° पूर्व देशांतर के साथ विस्तृत है