MP news: दावा किया जा रहा है कि परोसे गए खाने में एक मरी हुई छिपकली मिली, जिसके बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें।
MP news:भोपाल में स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV University) एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां कैंपस की मुख्य कैंटीन को लेकर छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। दावा किया जा रहा है कि परोसे गए खाने में एक मरी हुई छिपकली मिली, जिसके बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि 18 मार्च की रात कुछ छात्र कैंटीन में डिनर कर रहे थे। उन्हें दाल, रोटी, चावल और शिमला मिर्च की सब्जी दी गई थी। खाना खाते समय एक छात्र को सब्जी का स्वाद असामान्य लगा। जब उसने ध्यान से देखा, तो उसमें एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसे छात्र छिपकली बता रहे हैं। यह देखते ही अन्य छात्र भी सतर्क हो गए और तुरंत कैंटीन स्टाफ को इसकी सूचना दी।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब कैंटीन कर्मचारी ने उस टुकड़े को छिपकली मानने से इनकार कर दिया। छात्रों के मुताबिक, कर्मचारी ने उसे शिमला मिर्च बताते हुए खुद खाकर दिखाया। इस पूरी घटना को वहां मौजूद छात्रों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस घटना के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि कैंटीन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन सुधार के ठोस कदम नहीं उठाए गए। छात्रों ने वाइस चांसलर को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं विश्वविद्यालय के डायरेक्टर सुधीर भदौरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। दूसरी ओर, कैंटीन संचालक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह छिपकली नहीं, बल्कि शिमला मिर्च का टुकड़ा था। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच समिति गठित कर दी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या सच्चाई सामने आती है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।