
Bhopal news: कोविड के बाद हवा से फैलने वाले संक्रमण और प्रदूषण से बचने की फिक्र कब हमारी मानसिकता पर हावी हो गई, इसका हमें पता ही नहीं चला। पहले जिसे विलासिता या अतिरिक्त सावधानी माना जाता था, वह अब लोगों की रोजमर्रा की बेचैनी और आदत से जुड़ गया है। घर, दफ्तर और कार के भीतर भी हवा का हर कतरा पूरी तरह शुद्ध रखने की चाह ने लोगों की सोच बदल दी है। नतीजतन राजधानी में एयर प्यूरीफायर की मांग सालाना 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ रही है और बीते पांच साल में इसमें पांच गुना तक इजाफा देखा गया है।
मनोचिकित्सकों के अनुसार, यह स्थिति केवल उपकरण खरीदने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे बदलती मानसिकता और बढ़ती चिंता काम कर रही है। मनोचिकित्सकों की राय में यह एक तरह का डिसऑर्डर है जो लोगों को इस फिक्र में डाल रहा है कि घर ऑफिस और गाड़ी के अंदर हवा का एक-एक कतरा स्वच्छ होना चाहिए। एयर प्यूरीफायर के रिजल्ट पर देश और दुनिया में बहस छिड़ी हुई है। भोपाल के एयर क्वालिटी इंडेक्स के अप डाउन ने लोगों में प्यूरीफायर का क्रेज और तेज कर दिया है।
जीएमसी के श्वास रोग विशेषज्ञ डॉ. निशांत श्रीवास्तव ने बताया कि एयर प्यूरीफायर का गलत इस्तेमाल से इसका फायदा नहीं मिलता। इसे बंद कमरे के बीच में रखना चाहिए, जबकि लोग अक्सर इसे कोने में रख देते हैं और खिड़की-दरवाजे खुले छोड़ते हैं। समय पर फिल्टर नहीं बदलने से भी इसकी कार्यक्षमता घट जाती है। हर एयर प्यूरीफायर की हवा साफ करने की क्षमता सीमित होती है। कुछ मरीज एयर प्यूरीफायर को इलाज समझकर दवाएं कम या बंद कर देते हैं। इससे बीमारी बढ़ सकती है।
मनोचिकित्सक डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने कहा कि लोग बताते हैं कि हमने हवा को साफ करने के लिए एयर प्यूरीफायर खरीदना शुरू किया था, लेकिन कहीं ऐसा तो नहीं कि अब हवा की हर रीडिंग हमारे मन की शांति तय करने लगी है। इसका जवाब है कि यहां असली सवाल एयर प्यूरीफायर खरीदने का नहीं, बल्कि उस मानसिक स्थिति का है जिसमें सुरक्षा की तलाश धीरे-धीरे असुरक्षा की आदत बन जाती है।
-इलेक्ट्रानिक्स उत्पाद विक्रेताओं की माने तो एयर प्यूरीफायर का मार्केट शहर में 20 से 25 प्रतिशत की दर से सालाना बढ़ रहा है। मंगलम शोरूम के डायरेक्टर श्याम बंसल बताते हैं कि एयर प्यूरीफायर एक ऐसा उपकरण है जो कमरे की हवा को अंदर खींचकर फिल्टरों के माध्यम से साफ करता है और शुद्ध हवा को वापस कमरे में छोड़ता है।
-हवा की गुणवत्ता को लेकर लगातार डर कि कहीं इसका असर मेरी या परिवार की सेहत पर न पड़ जाए।
-एक प्यूरीफायर खरीदने के बाद भी लगता है कि शायद दूसरा या ज्यादा महंगा मॉडल अधिक सुरक्षा देगा।
-जब तक घर की हवा पूरी तरह सुरक्षित होने का भरोसा न हो, मन शांत नहीं होता।
-बार-बार दूसरों से पूछना कि कौन-सा प्यूरीफायर बेहतर है और क्या हमारा घर वास्तव में सुरक्षित है।
-जब हवा में प्रदूषण बढ़ता है तो उसके साथ लोगों के मन में अदृश्य खतरे का एहसास भी बढ़ता है।
-एयर प्यूरीफायर इस खतरे से सुरक्षा का एक साधन होने के साथ मनोवैज्ञानिक आश्वासन का माध्यम भी बन जाता है।
-राजधानी में एयर प्यूरीफायर के मार्केट में 25 फीसदी की ग्रोथ
-1 करोड़ से ऊपर है सालाना टर्नओवर
-4 हजार से 40 हजार रुपए तक है कीमत
-1 से 2 साल के बीच में बदलना होता है फिल्टर
-शहर का औसत एक्यूआई 177 से 196 के बीच ('खराब' श्रेणी) दर्ज किया गया है।
-पर्यावरण परिसर - 177 (शहर में सर्वाधिक)
-कलेक्टरेट-164
-टीटी नगर- 157 (शहर में सबसे कम)