भोपाल

ट्रेन से ड्रग्स की तस्करी, भोपाल रेलवे स्टेशन पर 7.5 करोड़ की ड्रग्स के साथ पकड़ी गई महिला

Drug Smuggling: नई दिल्ली से बेंगलुरु जा रही महिला के ट्रॉली बैग से 6.325 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद, महिला की निशानदेही पर ग्रेटर नोएडा से 4 आरोपी गिरफ्तार।
2 min read
Aug 14, 2026
bhopal drugs
drug smuggling dri methamphetamine seized, महिला यात्री से बरामद की गई ड्रग्स (Source-Patrika)

Bhopal Drug Smuggling: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रेलवे स्टेशन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 7.5 करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ पकड़ा। महिला ट्रेन से नई दिल्ली से बेंगलुरू की यात्रा कर रही थी। DRI टीम को मुखबिर से महिला के पास बड़ी मात्रा में ड्रग्स होने की सूचना मिली थी। DRI टीम ने ट्रेन के पहुंचने पर महिला यात्री की तलाशी ली तो उसके ट्रॉली बैग में बेहद शातिर तरीके से छिपाई गई 6.325 किलोग्राम मेथामफेटामाइन ड्रग्स बरामद हुई। 11 अगस्त को ड्रग्स की बरामदगी करते हुए DRI की टीम ने महिला को पकड़ा था।

ट्रॉली में छिपाई थी ड्रग्स

महिला यात्री के ट्रॉली बैग की तलाशी जब DRI टीम ने ली तो उसमें एक गुप्त कैविटी मिली। इस कैविटी को इस तरह बनाया गया था कि सामान्य तलाशी में उसमें छिपाया सामान आसानी से नजर नहीं आए। तलाशी के दौरान भूरे टेप से लिपटे छह पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उसमें सफेद रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ मिला। इस पदार्थ की जांच की गई तो पता चला कि वो मेथामफेटामाइन यानी एम्फेटामाइन है। इसके बाद ड्रग्स को जब्त करते हुए DRI टीम ने महिला को गिरफ्तार किया था।

महिला के 4 नाइजीरियाई साथी गिरफ्तार

महिला को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ में DRI टीम को ग्रेटर नोएडा में रहने वाले 4 अन्य आरोपियों के बारे में पता चला। DRI टीम ने शुक्रवार को महिला के द्वारा बताए ठिकाने पर दबिश देकर उसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को गिरफ्तार चारों आरोपी नाइजीरियाई नागरिक बताए जा रहे हैं। DRI के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विदेशी सिंडिकेट भारतीय नागरिकों को कैरियर के रूप में इस्तेमाल कर देश में ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।

रतलाम में पकड़ाई थी 1.6 करोड़ की ड्रग्स

बता दें कि इससे पहले बीते हफ्ते ही मध्यप्रदेश के रतलाम में भी रेलवे स्टेशन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाईजीरियाई युवती को 1.6 करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ पकड़ा था। युवती अपने सामान में ड्रग्स को छिपाकर ट्रेन से दिल्ली से मुंबई लेकर जा रही थी। उस युवती ने भी ट्रॉली बैग में बेहद शातिर तरीके से 2 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग्स को छिपाया हुआ था।

क्या है एम्फेटामाइन ड्रग?

एम्फेटामाइन एक शक्तिशाली और उत्तेजक ड्रग है, इसके अत्यधिक नशे की लत के कारण दुनिया भर में इसकी बड़े पैमाने पर अवैध तस्करी की जाती है। हाल ही में दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक कार से महाराष्ट्र के जलगांव में लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य का 39 किलोग्राम प्रतिबंधित एम्फेटामाइन जब्त किया गया था।

Updated on:
14 Aug 2026 07:46 pm
Published on:
14 Aug 2026 07:46 pm