
Bhopal News : मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। पिछली बार राजधानी भोपाल में हुई समिट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। इसी तरह अगले साल जनवरी महीने में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भी प्रधानमंत्री मोदी के शामिल होने की प्रबल संभावना है।
आपको बता दें कि, गुरुवार को इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें मध्य प्रदेश में होने जा रही आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में शामिल होने के औपचारिक तौर पर निमंत्रण दिया। बता दें कि, प्रदेश सरकार ने आगामी समिट जनवरी 2027 में भोपाल में आयोजित करने की घोषणा की है।
इधर, मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेश के विकास कार्यों, निवेश की तैयारियों और औद्योगिक विकास से जुड़े प्रयासों की जानकारी साझा की। खास तौर पर प्रदेश में निवेश के लिए तैयार किए जा रहे अनुकूल माहौल, उद्योगों के विस्तार और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों को पीएम मोदी के समक्ष रखा। सीएम ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने और उद्योगों के लिए नए अवसर तैयार करने के प्रमुख मंच के रूप में पेश किया।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए मध्यप्रदेश सरकार पहले से ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेशकों से संवाद कर रही है। हाल में सीएम दुबई दौरे पर रहे, उस दौरान उन्होंने वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से एमपी में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की थी। विनिर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, शहरी अधोसंरचना, तकनीक और निर्यातोन्मुख उद्योगों जैसे क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं को प्रमुखता से रखा गया।
मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री से मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश सरकार 2027 में होने वाले इस निवेश आयोजन को लेकर तैयारियों को गति दे रही है। इससे पहले 2025 में भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। उस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयोजन का उद्घाटन किया था।