
Diabetes : शुगर की रिपोर्ट बढ़ी तो दवा शुरू कर दी, लेकिन क्या आपने किडनी, दिल और आंखों की जांच कराई? डायबिटीज मरीजों के लिए यही सबसे बड़ी चूक साबित हो सकती है। खून में बढ़ी शुगर इन अंगों को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाती है। शुरुआत में इसके संकेत भी नहीं मिलते। भोपाल में 56 हजार से ज्यादा डायबिटीज मरीज हैं, लेकिन कितनों की किडनी, हार्ट और आंखों की जांच हुई, इसका रिकॉर्ड तक उपलब्ध नहीं है। चिंता इससे भी बड़ी है। मध्यप्रदेश में हर सातवां वयस्क प्री-डायबिटीज की स्थिति में है।
56 हजार मरीजों का इलाज, जांच का ब्योरा गायब
एनसीडी पोर्टल के अनुसार भोपाल में 56287 लोगों में डायबिटीज की पुष्टि हुई है। इनमें 56016 का उपचार चल रहा है। 13837 मरीज फॉलोअप कर रहे हैं और 11798 का शुगर स्तर नियंत्रण में है। लेकिन किडनी, हार्ट और आंखों की जांच कराने वाले मरीजों की संख्या का ब्योरा उपलब्ध नहीं है।
आईसीएमआर-इंडियाब के राष्ट्रीय अध्ययन के अनुसार, मध्यप्रदेश में 15.3 प्रतिशत वयस्क प्री-डायबिटीज से पीडि़त हैं। यानी करीब हर सातवां वयस्क इस स्थिति में है। यह राष्ट्रीय औसत के बराबर है। डॉ. सचिन के. गुप्ता के अनुसार, समय पर जांच, संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम से प्री- डायबिटीज को डायबिटीज में बदलने से रोका जा सकता है। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव गुप्ता के अनुसार, डायबिटीज किडनी के साथ दिल को भी नुकसान पहुंचाती है।
देश दुनिया की तरह मध्यप्रदेश में भी अब बच्चे भी इस गंभीर रोग का तेजी से शिकार होते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों और चिकित्सकों के अनुसार यह स्थिति बहुत चिंताजनक है।
विशेषज्ञ बताते हैं कि असल में डायबिटीज दो प्रकार की होती है। बड़ों में आमतौर पर टाइप-2 डायबिटीज पाई जाती है, जिसे खान-पान और दवाओं के माध्यम से कंट्रोल किया जा सकता है। वहीं बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज देखने को मिल रही है। टाइप-1 में शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता, इसलिए इसे दवाओं से कंट्रोल नहीं किया जा सकता और बच्चों को सीधे इंसुलिन के इंजेक्शन ही देने पड़ते हैं। वहीं बचपन में डायबिटीज से पीडि़त बच्चों की उम्र बढऩे पर भी टाइप-1 डायबिटीज ही बनी रहती है।